हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: DiwaliIndia blocGyanesh KumarBigg Boss 20

दीया मिर्जा से BMC ने पहले बनवाया दिवाली वीडियो, BJP ने जताया एतराज तो किया डिलीट, मेयर ने बोला 'एंटी हिंदू'

भारतीय जनता पार्टी की मुंबई इकाई के अध्यक्ष अमित साटम की आपत्ति के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने एक्ट्रेस दीया मिर्जा का एक वीडियो मैसेज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया.

विज्ञापन
BMC ने दीया मिर्जा का वीडियो पोस्ट सोशल मीडिया से डिलीट कर दिया है. CREDIT: ANI / Instagram ( diamirzaofficial )

महाराष्ट्र में पर्यावरण अनुकूल दिवाली मनाने को लेकर चलाए जा रहे एक अभियान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. भारतीय जनता पार्टी की मुंबई इकाई के अध्यक्ष अमित साटम की आपत्ति के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने एक्ट्रेस दीया मिर्जा का एक वीडियो मैसेज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया. उनके वीडियो में लोगों से ध्वनि और वायु प्रदूषण से बचने की अपील की गई थी. ये वीडियो रविवार को हटा दिया गया, जबकि अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के अभियान से जुड़े वीडियो बीएमसी के X और इंस्टाग्राम पेज पर अब भी मौजूद हैं.

ये भी पढ़ें: एक फिल्म के लिए इतने करोड़ चार्ज करती हैं Diya Mirza, महीने की कमाई सुन रह जाएंगे दंग

मेयर ने साधा निशाना

बीएमसी की मेयर ऋतु तावड़े ने दीया मिर्जा को हिंदू विरोधी बताते हुए तीखा हमला बोला. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि दीया मिर्जा हिंदुत्व का लगातार विरोध कर रही हैं. तावड़े ने कहा कि मिर्जा ने गुजरात में नर्मदा परियोजना, समान नागरिक संहिता (UCC) और पीएम मोदी के खिलाफ भी बयान दिए हैं. उन्होंने आगे कहा, ”हमें ये सीखने के लिए दीया मिर्जा की जरूरत नहीं है कि हिंदुओं को दिवाली कैसे मनानी चाहिए. हम जानते हैं कि अपनी दिवाली कैसे मनानी है. दीया मिर्जा अपना खुद का एजेंडा चला रही हैं, एक चुनिंदा एजेंडा. इससे पता चलता है कि वो हिंदुत्व के खिलाफ हैं. इसीलिए हमने इस वीडियो का कड़ा विरोध किया है.”

विज्ञापन

बीजेपी नेता ने क्या कहा?

अमित साटम ने X पर एक पोस्ट में दीया मिर्जा के वीडियो पर आपत्ति जताते हुए बीएमसी के आधिकारिक अकाउंट को टैग किया था, जिसके बाद ये एक्शन लिया गया. बीजेपी नेता ने लिखा, ”हमें दीया मिर्जा से ये सीखने की जरूरत नहीं है कि दिवाली कैसे मनाई जाए. हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से रची-बसी हैं.” साटम की टिप्पणी के कुछ ही घंटों के भीतर बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिड़े के नेतृत्व वाली बीएमसी ने मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया पेज से हटा दिया.

हाई कोर्ट ने लगाई थी फटकार

दरअसल, बढ़ते वायु प्रदूषण और त्योहारों के दौरान पटाखे फोड़ने पर रोक लगाने में नाकामी को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट ने बीएमसी को फटकार लगाई थी, जिसके बाद नगरपालिका ने पटाखों के खिलाफ एक अभियान शुरू करते हुए कई मशहूर हस्तियों को शामिल किया था. बॉम्बे हाई कोर्ट ने सार्वजनिक सड़कों, पार्कों और आम जगहों पर पटाखे फोड़ने पर पूरी तरह से बैन लगा दिया है. अदालत ने ये भी सुझाव दिया था कि प्रदूषण के खिलाफ जन-जागरूकता अभियानों में मशहूर हस्तियों को शामिल किया जाए और वो इसमें हिस्सा लेने के लिए कोई फीस न लें. अदालत की इन बातों के बाद, BMC ने कई मशहूर हस्तियों से वीडियो संदेश रिकॉर्ड करवाए, जिनमें उन्होंने नागरिकों से पटाखे फोड़ने को लेकर अदालत के निर्देशों का पालन करने की अपील की.

विज्ञापन

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Varsha Sikri

वर्षा सिकरी News24 हिंदी डिजिटल में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. जर्नलिज्म में 9 साल का अनुभव रखने वाली वर्षा सिकरी राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. वर्षा सिकरी ने सितंबर 2017 में इंडिया टीवी से अपने करियर की शुरुआत की थी, जिसके बाद से उन्होंने रिपब्लिक टीवी, जी न्यूज, आज तक जैसे चैनलों में काम किया. फिलहाल वो News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 9 साल के करियर में वर्षा सिकरी ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. वर्षा सिकरी का पत्रकारिता में अनुभव: 9 साल योग्यता: NRAI स्कूल ऑफ मास कम्यूनिकेशन से ग्रेजुएशन करने के बाद वर्षा सिकरी ने मीडिया में अपने करियर की शुरुआत की. उन्होंने बतौर एंकर और रिपोर्टर भी काम किया है.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola