---विज्ञापन---

छिंदवाड़ा के मेयर विक्रम अहाके भाजपा में हुए शामिल, कांग्रेस ने खोया एक और बड़ा चेहरा

Lok Sabha Election 2024: मध्य प्रदेश में छिंदवाड़ा के मेयर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विक्रम अहाके भी आज भाजपा में शामिल हो गए।

---विज्ञापन---

Chhindwara Mayor Vikram Ahake: लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को झटके पर झटके लग रहे हैं। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के मेयर और पूर्व विधायक विक्रम अहाके ने भी कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। सोमवार की सुबह वह मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। बता दें कि विक्रम अहाके को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ का काफी करीबी माना जाता था। अहाके ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

4 दशक से नाथ परिवार का कब्जा

बता दें कि छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से इस बार कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले 4 दशक से यह सीट नाथ परिवार का गढ़ बनी हुई है। भाजपा ने यहां से विवेक साहू को उम्मीदवार बनाया है। लेकिन, वर्तमान स्थिति देखी जाए तो कांग्रेस की स्थिति यहां काफी कमजोर हुई है। पहले इसी संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाली अमरवाड़ा विधानसभा से विधायक कमलेश शाह भाजपा में शामिल हो गए थे। अब अहाके ने भी कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। इसका असर आगामी चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर पड़ना तय माना जा रहा है।

---विज्ञापन---

 कांग्रेस की राह मुश्किल करेंगे नेता

साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र में आने वाली सभी 7 सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली थी। लेकिन पहले कमलेश शाह और अब विक्रम अहाके ने कांग्रेस से किनारा कर आगामी लोकसभा चुनाव में उसकी राह मुश्किल कर दी है। उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नकुलनाथ ने ही बाजी मारी थी। उन्होंने भाजपा ने नाथन शाह कावरेती को 37,000 से ज्यादा मतों के अंतर से हराया था। लेकिन, माना जा रहा है कि इस चुनाव में तस्वीर बदलने की संभावना ज्यादा है।

First published on: Apr 01, 2024 08:53 AM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola