मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो बहनों और उनके चार बच्चों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, दोनों घटनाएं बुधवार को हुईं. एक महिला आठ महीने की गर्भवती थी. उसकी मौत के साथ गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.
पहली घटना: बेटे के साथ कुएं में कूदी महिला
पहली घटना बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव की है. पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब एक बजे अंजलि रावत (35) अपने छह साल के बेटे प्रशांत के साथ कुएं में कूद गई. उस समय उसकी तीन बेटियां भी वहां मौजूद थीं. अंजलि की सबसे बड़ी बेटी मोनिका ने हिम्मत दिखाई. उसने खुद को और अपनी दोनों छोटी बहनों को बचा लिया. इसके बाद वह घर पहुंची और परिवार को पूरी घटना बताई. जानकारी मिलने पर परिजन कुएं के पास पहुंचे. उन्होंने अंजलि और प्रशांत को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. परिवार के मुताबिक, अंजलि के पति धर्मवीर सिंह रावत की करीब डेढ़ महीने पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी. इसके बाद से अंजलि काफी दुखी और मानसिक तनाव में थी. पुलिस ने बताया कि दोनों के शव शिवपुरी जिला अस्पताल में रखे गए हैं. गुरुवार को पोस्टमॉर्टम किया जाना है.
दूसरी घटना: तीन बच्चों के साथ महिला की मौत
दूसरी घटना कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई गांव की है. यहां रहने वाली सीता रावत (40) बुधवार को अपने तीन बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ खोंकर गांव के एक खेत पर गई थीं. शाम करीब छह बजे तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की. खेत में कुएं के पास चप्पलें मिलीं. कुएं के अंदर एक बच्चे का शव भी दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची. बुधवार रात करीब 11 बजे तक सीता और उनके तीनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाल लिए गए.
दोनों घटनाओं के बीच संबंध की जांच
सीता के जेठ हाकम सिंह ने बताया कि दोनों बहनों के बीच बहुत लगाव था. वे फोन पर घंटों बात करती थीं. परिवार के लोग सीता की मौत को अंजलि की मौत से मिले सदमे से जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि दोनों घटनाओं के सही कारण जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेंगे. सीता और उनके बच्चों का पोस्टमॉर्टम गुरुवार को कोलारस में कराया जाना है.