PTI
Read More
---विज्ञापन---
मध्यप्रदेश के शिवपुरी ज़िले से एक चौकाने वाली घटना सामने आई है. अनजान बीमारी से बीते 10 दिनों में एक ही परिवार के तीन नाबालिगों समीत चार बच्चों की मौत हो गई.
बुधवार को एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी. स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने मंगलवार शाम को पीड़ित परिवार से मुलाकात की और जानकारी ली. अधिकारी ने बताया कि यह मामला शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र का है, वहां रहने वाले तनवीर अहमद के परिवार में एक के बाद एक कुल चार बच्चों की 21 अगस्त से 31 अगस्त के बीच मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक सभी मृतकों की तबीयत एक जैसे ही बिगड़ी. सभी को पहले बुखार आया, फिर पेट में दर्द और उसके बाद उलटी-दस्त ऐसे ही तबीयत बिगड़ती चली गई. घरवाले इलाज के लिए उन्हें अस्पताल लेकर गए, लेकिन दो-तीन दिन के अंदर एक के बाद एक चारों बच्चों की मौत हो गई. मरने वालों में तीन बच्चे सगे भाई थे और एक बच्चा इनका रिश्तेदार था. अचानक हुई मौतों से परिवार में मातम छा गया है.
जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमएचओ) डाक्टर संजय ऋषिश्वर ने बताया कि वह खुद परिवार के पास पहुंचे और शुरुआती जांच में चारों की मौत संक्रमण से होने की बात सामने आई है. उन्होंने बताया कि बच्चों की प्लेटलेट्स तेजी से कम हुई थीं. एक बच्चे की हालत इतनी गंभीर हो गई थी कि उसके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था. परिवार के सभी सदस्यों के नमूने लिए गए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों का असली कारण पता चल सकेगा.
परिजनों के मुताबिक सबसे पहले 18 अगस्त को तनवीर अहमद के बेटे ताहिर (14 वर्षीय) की तबीयत बिगड़ी. उन्होंने बताया कि उसे बुखार के साथ उल्टी-दस्त और पेट दर्द हुआ, हालत बिगड़ने पर उसका इलाज कराया गया लेकिन दो दिन बाद उसकी मौत हो गई. इलाज के दौरान उसकी प्लेटलेट्स तेजी से कम होने की बात सामने आई थी.
ताहिर की मौत के सदमे से परिवार उबरा ही नहीं था कि तनवीर की बहन के बेटे अयाज (19 वर्षीय) की तबीयत बिगड़ी. परिजनों ने बताया कि उसे पहले शिवपुरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर ग्वालियर ले जाया गया. उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान 23 अगस्त को अयाज की भी मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक अयाज की जांच में संक्रमण की बात सामने आई थी.
इसके बाद परिवार के दो और बच्चों तारूफ (9 वर्षीय) और तासिफ (11 वर्षीय ) को बुखार आया और दोनों की तबीयत भी तेजी से खराब हुई. परिवार ने उनका इलाज कराया, लेकिन तबीयत में कोई भी सुधार नहीं हुआ. 31 अगस्त की सुबह तारूफ की मौत हो गई, जबकि उसी दिन शाम को उसके बड़े भाई तासिफ ने भी मौत हो गई. सिर्फ 10 दिनों में ही परिवार के चार बच्चों की मृत्यु हो गई, जिसने परिवार को पूरी तरह बिखेर दिया है.
जानकारी के मुताबिक चारों बच्चे 16 अगस्त को परिवार के अन्य लोगों के साथ गोरा टीला के पास एक झरने पर नहाने गए थे. उन्होंने कहा कि झरने से लौटने के बाद ही चारों बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी थी. परिवार और आसपास के लोगों ने झरने का पानी दूषित होने की आशंका जताई.
स्वास्थ्य विभाग अब बच्चों की बीमारी, उनके इलाज की रिपोर्ट और परिवार के अन्य सदस्यों की जांच रिपोर्ट के आधार पर मौतों की वजह पता करने में जुटा है. शवों का पोस्टमार्टम ना होने के कारण मौत का मुख्य कारण स्पष्ट नहीं है. स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद मौत का असल कारण पता चल सकेगा.
न्यूज 24 पर पढ़ें मध्य प्रदेश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।