इंदौर में RSS की तीन दिवसीय बैठक शुरू, शताब्दी वर्ष और संगठन विस्तार पर होगा मंथन

इंदौर में RSS की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक शुरू हो गई है. मोहन भागवत और दत्तात्रेय होसबाले की मौजूदगी में शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों, संगठन विस्तार और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा होगी.

RSS Chief Mohan Bhagwat in Indore

इंदौर में RSS की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले. (Image- X/@RSSorg)

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक सोमवार से मध्य प्रदेश के इंदौर में शुरू हो गई. तीन दिन तक चलने वाली इस बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी. इसके साथ ही संगठन के ढांचे में बदलाव, संघ के विस्तार और देश-दुनिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होगी. संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. बैठक की शुरुआत संघ प्रमुख मोहन भागवत और सरकार्यवाह (महासचिव) दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित करके की. यह बैठक शहर के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज में आयोजित की जा रही है. आयोजन को देखते हुए पुलिस ने परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.

विज्ञापन

बैठक में करीब 400 प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा

संघ के अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार ने बताया कि इस नियमित बैठक में देशभर से करीब 400 लोग शामिल हो रहे हैं. इनमें संघ के पदाधिकारियों के अलावा संघ से प्रेरित 32 संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद हैं. अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल संघ का प्रमुख संगठनात्मक निकाय है. नरेंद्र कुमार के मुताबिक, बैठक में शताब्दी वर्ष के दौरान बीते एक साल में हुए कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी. इसके साथ ही ‘पंच परिवर्तन’ अभियान, संगठन के विस्तार और आने वाले समय में इन योजनाओं को लागू करने के तरीकों पर भी विचार होगा. बैठक में मोहन भागवत के उस संबोधन पर भी चर्चा की जाएगी, जो उन्होंने महाराष्ट्र के नागपुर में विजयादशमी के मौके पर दिया था. इस संबोधन में उठाए गए समसामयिक मुद्दों पर विचार करने के साथ ही उनके संदेश को समाज तक पहुंचाने की योजना बनाई जाएगी.

विज्ञापन

भोजशाला और संघ की गतिविधियों पर प्रदर्शनी

बैठक स्थल पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है. इसमें मध्य प्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक स्मारक भोजशाला, संघ की अलग-अलग गतिविधियों और अन्य विषयों को प्रदर्शित किया गया है. संघ के मजबूत गढ़ माने जाने वाले पश्चिमी मध्य प्रदेश के मालवा क्षेत्र में यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब देश में हाल के दिनों में हुए कई आंदोलन सामाजिक और राजनीतिक चर्चा का विषय बने हुए हैं. संघ पदाधिकारियों के अनुसार, बैठक में जनसंचार के नए माध्यमों पर तैयार होने वाली सामग्री, देश में बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप, वैश्विक परिस्थितियों और नशीले पदार्थों की बढ़ती समस्या जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है.

1925 में हुई थी RSS की स्थापना

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना 27 सितंबर 1925 को विजयादशमी के दिन महाराष्ट्र के नागपुर में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी. इस साल संघ अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है. संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक, संगठन की देशभर में एक लाख से अधिक दैनिक शाखाएं संचालित हो रही हैं. पिछले एक साल में ही 13 हजार से ज्यादा नई शाखाएं शुरू की गई हैं. इंदौर में हो रही बैठक में इन शाखाओं के विस्तार और संगठन की आगे की गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की जाएगी.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ