MP By-Election Voting: बुधनी और विजयपुर सीटों पर वोटिंग शुरू, पढ़ें पल-पल के अपडेट
MP By Election 2024 Voting: मध्य प्रदेश के विजयपुर और बुधनी विधानसभा सीटों आज सुबह से उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है।
Edited By Pooja Mishra

Edited By Pooja Mishra

MP By Election 2024 Voting: मध्य प्रदेश में आज दो विधानसभा सीटों विजयपुर और बुधनी पर उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है। लोग सुबह-सुबह ही वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंच गए हैं। सुबह 9 बजे तक विजयपुर में 17.86 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों ही सीटें अपने आप में बहुत खास हैं। जहां बुधनी को पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का गढ़ माना जाता है, वहीं विजयपुर में 2.50 लाख से ज्यादा मतदाता हैं। बुधनी में भाजपा की तरफ से रमाकांत भार्गव और कांग्रेस की तरफ से राजकुमार पटेल मैदान में उतरे हैं। वहीं विजयपुर में भाजपा ने मंत्री रामनिवास रावत और कांग्रेस ने मुकेश मल्होत्रा को उम्मीदवार बनाया है।
बुधनी सीट के लिए भाजपा रमाकांत भार्गव पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी माने जाते हैं। राजनीति की दुनिया में रमाकांत भार्गव का चरित्र बिल्कुल साफ है और वह बहुत ही सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं, जिसकी वजह से वह लोगों के बीच पॉपुलर भी हैं। खुद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस उपचुनाव में उनके लिए खूब प्रचार किया था। वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी राजकुमार पटेल फिलहाल मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हैं। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में राजकुमार पटेल ने भोजपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
कल दिनांक 13.11.2024 को विजयपुर विधानसभा उप निर्वाचन के दौरान मतदान प्रकिया को दृष्टिगत रखते हुए डीआईजी चंबल रेंज श्री कुमार सौरभ द्वारा आज श्योपुर पहुँच कर स्थिति का जायजा लिया गया !@DGP_MP @IgChambal @JansamparkMP @MPPoliceDeptt @projssheopur pic.twitter.com/XbsQxnwVQS
— SP Sheopur (@sp_sheopur) November 12, 2024
विजयपुर सीट के लिए भाजपा ने रामनिवास रावत पर दांव खेला है। रामनिवास रावत फिलहाल मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। वह विजयपुर सीट से 5 बार विधायक रह चुके हैं। कांग्रेस ने सीट के लिए मुकेश मल्होत्रा को मैदान में उतारा है। मुकेश मल्होत्रा एक आदिवासी नेता हैं, जिन्होंने पिछले चुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़ा था और बड़ी पार्टियों को कांटे की टक्कर देते हुए तीसरे नंबर पर रहे। इस बार कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मुकेश मल्होत्रा को खड़ा किया है। दोनों पार्टियों ने इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
विजयपुर में कुल 11 और बुधनी में 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। लेकिन इन सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच बराबरी की टक्कर है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 5 लाख 22 हजार है, जिसमें से 2 लाख 54 हजार 714 मतदाता तो अकेले विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में हैं। बुधनी में उपचुनाव के लिए यहां 363 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं विजयपुर में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 327 है, जिसमें 15 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्र में तथा 312 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में हैं। 164 क्रिटिकल मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उपचुनाव के लिए 2000 से अधिक पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: