MP: नर्मदा किनारे लावारिस मिले 343 वोटर ID कार्ड, इंदौर की राऊ सीट से जुड़े तार; कांग्रेस बोली- हो FIR

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में नर्मदा नदी के किनारे 343 वोटर आईडी कार्ड मिले हैं. कांग्रेस ने मामले में FIR दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार्ड इंदौर की राऊ विधानसभा सीट से जुड़े हैं.

Voter ID Card Found In Narmada River (MP)

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में नर्मदा नदी से वोटर आईडी कार्ड निकालते लोग. (Image- X/@INCMP)

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में रविवार को नर्मदा नदी के किनारे 343 वोटर आईडी कार्ड मिले. ये कार्ड नदी के किनारे पड़े हुए थे. मामला सामने आने के बाद कांग्रेस ने पुलिस से FIR दर्ज करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब देशभर में चुनाव आयोग की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. विपक्षी दल मतदाता सूची में गड़बड़ी होने के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं. PTI के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में पता चला है कि ये 343 वोटर आईडी कार्ड इंदौर जिले की राऊ विधानसभा सीट के मतदाताओं के हैं. यह सीट इंदौर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है. फिलहाल यहां बीजेपी के मधु वर्मा विधायक हैं. इससे पहले कांग्रेस के जीतू पटवारी इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

विज्ञापन

कांग्रेस ने FIR दर्ज करने की मांग की

मामले को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाइक पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मंडलेश्वर पुलिस थाने पहुंचे. उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर मामले में FIR दर्ज करने की मांग की. रवि नाइक ने चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठाए और इस मामले के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. कांग्रेस ने यह भी कहा कि गोताखोरों की मदद से नर्मदा नदी में तलाशी अभियान चलाया जाना चाहिए, ताकि पता लगाया जा सके कि कहीं और वोटर आईडी कार्ड तो नहीं फेंके गए हैं. रवि नाइक ने चेतावनी दी कि अगर FIR दर्ज नहीं की गई, तो कांग्रेस पुलिस थाने का घेराव करेगी.

विज्ञापन

प्रशासन ने कार्ड जब्त किए, पुलिस कर रही जांच

मंडलेश्वर की एसडीओपी श्वेता शुक्ला ने बताया कि नर्मदा नदी के किनारे सफाई अभियान के दौरान वोटर आईडी कार्ड मिलने की जानकारी सामने आई थी. उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग की टीम ने इन कार्डों को जब्त कर लिया है. इसके बाद पुलिस थाना प्रभारी को मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए. श्वेता शुक्ला ने यह भी बताया कि कांग्रेस की ओर से भी पुलिस को शिकायत मिली है.

SIR को लेकर पहले से जारी है विवाद

वोटर आईडी कार्ड मिलने का यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध तेज कर रहे हैं. हाल ही में दिल्ली समेत कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए. प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान मतदाता सूची से कथित तौर पर वोटरों के नाम हटाए जाने को लेकर भी चिंता जताई गई. वहीं, चुनाव आयोग ने राज्यों को निर्देश दिया है कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने के लिए विशेष नामांकन अभियान चलाए जाएं. कांग्रेस ने देशभर की मतदाता सूचियों की जांच कराने और SIR प्रक्रिया रोकने की मांग भी की है. दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के वार्षिक पुनरीक्षण के आदेश दिए हैं, जहां SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.

विज्ञापन

मंडलेश्वर किस विधानसभा और लोकसभा क्षेत्र में आता है?

जिस मंडलेश्वर इलाके में ये वोटर आईडी कार्ड मिले हैं, वह महेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है. यहां बीजेपी के विधायक राजकुमार मेव हैं. यह इलाका खरगोन लोकसभा क्षेत्र का भी हिस्सा है, जिसका प्रतिनिधित्व बीजेपी सांसद गजेंद्र सिंह पटेल करते हैं. फिलहाल, वोटर आईडी कार्ड मिलने के मामले में पुलिस जांच कर रही है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ये कार्ड नदी के किनारे कैसे पहुंचे और इन्हें वहां किसने छोड़ा.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ