MP 8 Candidates File Second Phase Nominations: मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर राजनीतिक पार्टियां और निर्वाचन आयोग अपने-अपने काम कर रहे हैं। जहां राजनीतिक दल चुनाव के दौरान प्रचार में व्यस्त हैं, वहीं निर्वाचन आयोग भी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव करवाने में जुटी हुई है। मध्य प्रदेश में पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रियाएं पूरी हो गई हैं। इसी के साथ दूसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया हो गई है, जो अभी भी जारी है। दूसरे चरण के चुनाव के लिए अब तक कुल 8 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
8 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन पर्चा
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने जानकारी देते हुए बताया कि लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम के अनुसार दूसरे चरण के लिए प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के चुनाव के लिए अब तक कुल 8 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है, जिसमें से 7 उम्मीदवारों ने शनिवार को अपना नामांकन पर्चा जमा करवाया है। पदाधिकारी राजन ने बताया कि प्रत्याशी दूसरे चरण के लिए 4 अप्रैल तक अपना नामांकन पत्र जमा करवा सकते हैं।
निर्वाचन पदाधिकारी ने दी जानकारी
इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी बताया कि प्रदेश की जनता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट: https://affidavit.eci.gov.in/ पर विजिट करके नामांकन दाखिल किए गए सभी प्रत्याशियों के शपथ पत्र और बाकी जानकारियों के बारे में पढ़ सकते हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के लिए दाखिल हुए नामांकन की जांच 5 अप्रैल को की जाएगी। दूसरे चरण के लिए प्रदेश में 26 अप्रैल को मतदान होगा।