MP: चुनावी रंजिश के चलते हत्या, युवक को सरपंच के भाई ने मारी गोली
Edited By Shailendra Pandey

Edited By Shailendra Pandey

Ashoknagar Crime: मध्यप्रदेश के अशोकनगर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि चुनावी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। फायरिंग का आरोप सरपंच के बड़े भाई पर है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है, वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
यह घटना चंदेरी से 15 किलोमीटर दूर बारी गांव की है, जहां रविवार रात करीब 2 बजे उदल कुशवाह (32) को पड़ोसी सानू खान ने गोली मार दी। इसके बाद गंभीर रूप से घायल उदल को परिजन आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चंदेरी थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया इस घटना में 2 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वारदात के मुख्य आरोपी सानू खान को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। सानू के ऊपर इस वारदात से पहले भी केस दर्ज है। मामले की जांच की जा रही है।
मृतक के पिता लखन कुशवाह ने बताया कि घर के सभी सदस्य छत पर सोए थे, इसी बीच करीब 2 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर नींद खुल गई। हमने देखा कि सरपंच शहजाद खान के बड़े भाई सानू खान ने कट्टे से फायरिंग की है, जैसे ही हम उसकी ओर बढ़े उसने दूसरी गोली चला दी, जो उदल के सीने में लगी। इसके बाद शोर मचने पर सानू मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया सानू के छोटे भाई शहजाद खान ने साल 2022 में सरपंच का चुनाव लड़ा था और वह चुनाव जीत भी गया था, लेकिन सानू को लगता था कि उदल ने उसके भाई को वोट नहीं दिया था और इसी बात को लेकर वह मन में रंजिश पालकर बैठा हुआ था।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: