MP Lok Sabha Election: मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग की तरफ से एक सख्त निर्देश जारी किया गया है। आयोग के निर्देश में प्रदेश के सभी विभागों को चुनाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरा करने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि नियुक्त नोडल अधिकारी विभागों द्वारा की जा रही चुनाव संबंधी तैयारियों और व्यवस्थाओं की पूरी मॉनिटरिंग करें। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने इस निर्देश को चुनाव से जुड़े काम कर रहे हैं राज्य के अलग-अलग विभागों को दे दिया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने समीक्षा बैठक के दौरान विभागों को यह निर्देश दिया है। साथ ही पुलिस डिप्लायमेंट प्लान जल्द ही तैयार करने और कानून व्यवस्था की दैनिक रिपोर्ट भेजने के लिए भी कहा है। इसके अलावा मतदान और मतगणना के दिन शराब की बिक्री पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने के लिए भी जरूरी कदम उठाने के लिए कहा है। इसके साथ ही पदाधिकारी ने गृह विभाग की ओर से किए जा रहे कामों की समीक्षा करते हुए कहा कि चुनाव ड्यूटी के दौरान किसी सुरक्षा कर्मी की दुर्घटना का शिकार हो जाता है, तो उसके खाते में जल्द से जल्द प्रावधान राशि पहुंच जानी चाहिए।
मतदान केंद्रों पर उपलब्ध हो जरूरी सुविधाएं
पदाधिकारी राजन ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में लगने वाले मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हील-चेयर की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही चुनाव के दौरान पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। खासतौर से सुरक्षा एजेंसियों के वाहनों के लिए पेट्रोल और डीजल की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा जबलपुर में एयर एंबुलेंस और बालाघाट में हेलीकॉप्टर की भी सुविधा रहेगी।