'जानता नहीं तू हमें...रेत चोरी नहीं चलने दूंगा', BJP विधायक ने कलेक्टर को धमकाया, वीडियो आया सामने

भिंड में बीजेपी विधायक और कलेक्टर के बीच झड़प हो गई। दरअसल यह पूरा मामला किसानों से जुड़ा है। बीजेपी विधायक बुधवार को कुछ किसानों के साथ कलेक्टर के बंगले पर उनसे बात करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत चल रही थी जो बाद में आरोप-प्रत्यारोप में बदल गई।

Madhya Pradesh, Bhind, BJP MLA Narendra Singh Kushwah, Bhind Collector Sanjeev Shrivastava, Video Viral, News 24, Bhind Farmer, मध्य प्रदेश, भिंड, बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह, भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, वीडियो वायरल, न्यूज 24, भिंड किसान

बीजेपी विधायक और कलेक्टर में झड़प होती हुई।

मध्य प्रदेश के भिंड में बीजेपी विधायक और कलेक्टर के बीच झड़प का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बीजेपी विधायक भिंड कलेक्टर को धमकाते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान विधायक ने कलेक्टर पर हाथ उठाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद विधायक ने कलेक्टर का मोबाइल भी छीनने की कोशिश की। काफी गहमा-गहमी के बाद कलेक्टर बंगले में वापस चले गए और विधायक गेट पर ही अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए।

बताया जा रहा है कि भिंड के किसान खाद की कमी से काफी परेशान हैं। वहीं प्रशासनिक अधिकारी बार-बार खाद की कोई कमी न होने का दावा कर रहे हैं। इसी के चलते बुधवार को भिंड में कलेक्टर और विधायक के आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों के बीच जमकर बहस हुई। विधायक ने कहा, जानता नहीं है तू हमे। इस पर कलेक्टर ने कहा कि रेत चोरी नहीं चलने दूंगा। जिसके बाद विधायक के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी।

बंगले के अंदर घुस गए विधायक

वायरल वीडियो में विधायक कलेक्टर को धमकाते हुए उनके बंगले में घुसते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके समर्थक लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। इस दौरान वे धमकी भी देते रहे कि तुम्हें अपनी औकात नहीं पता। विधायक ने कहा कि कलेक्टर हिटलर हैं। वहीं, कलेक्टर वीडियो बना रहे लोगों को रोकने की कोशिश करते हैं। वह कहते हैं कि मेरे घर में घुसकर वीडियो क्यों बना रहे हो। बताया जा रहा है कि कलेक्टर ने इस पूरे मामले की शासन से शिकायत की है।

खाद के लिए भटक रहे किसान

विधायक का आरोप है कि जिले में किसानों को खाद के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उनका कहना है कि सरकार किसानों के लिए योजनाएं चला रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर खाद का वितरण ठीक से नहीं हो रहा है। उन्होंने साफ कहा कि किसान दिन-रात लाइन में खड़े रहते हैं, इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है।

प्रशासन पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के गंभीर आरोप

वहीं मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विधायक कुशवाह को शांत करने और समझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका, लेकिन विधायक ने प्रशासन पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। फिलहाल कलेक्टर की तरफ से विधायक के आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ