जेल में मिलने आई बीवी तो हुआ इमोशनल, छत से कूदकर हुआ फरार; 4 दिन तक ढूंढ़ते रहे 70 पुलिसवाले

मध्य प्रदेश के खरगोन में 20 साल की सजा काट रहा 23 वर्षीय अरुण धुर्वे जेल से भागने के चार दिन बाद बसनेर के जंगल से गिरफ्तार हुआ. पुलिस के मुताबिक, पत्नी से मुलाकात के बाद उसने फरार होने की योजना बनाई थी.

Khargone Prisoner Escaping From Jail

खरगोन जेल से फरार होने के चार दिन बाद बसनेर के जंगल से गिरफ्तार किया गया कैदी अरुण धुर्वे. (Image- X/@khargonepolice1)

मध्य प्रदेश के खरगोन में एक कैदी की तलाश में पुलिस को चार दिन तक मशक्कत करनी पड़ी. पत्नी से जेल में मुलाकात के बाद भावुक हुए 23 वर्षीय अरुण धुर्वे ने जेल से भागने का फैसला कर लिया. वह जेल की दीवार फांदकर फरार हुआ और पुलिस से बचने के लिए खेतों, कच्चे रास्तों और जंगल में छिपता रहा. मंगलवार को आखिरकार पुलिस ने उसे तोरण डेम के पीछे बसनेर के जंगल में पकड़ लिया. इस अभियान में करीब 70 पुलिसकर्मी लगाए गए थे.

विज्ञापन

अरुण धुर्वे खरगोन के इंदिरा नगर का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर को अपर सत्र न्यायालय ने उसे नाबालिग के किडनैप और यौन शोषण के मामले में 20 साल जेल की सजा सुनाई थी. सजा मिलने के बाद उसे जिला जेल में रखा गया था. लेकिन जेल में रहने के कुछ ही दिनों बाद उसने वहां से निकलने का प्लान बनाया और 16 अक्टूबर की शाम जेल से फरार हो गया. इसके बाद मेनगांव थाने में उसके फरार होने का मामला दर्ज किया गया.

विज्ञापन

टॉयलेट की छत से भागा

जेल से निकलने के लिए अरुण ने वार्ड के टॉयलेट का रास्ता चुना. वह टॉयलेट की छत पर चढ़ा और वहां से जेल की बाहर की दीवार फांदकर भाग निकला. घटना सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए पूरे जिले में नाकाबंदी कराई. कई ठिकानों पर छापेमारी की गई और खोज अभियान में डॉग स्क्वॉड को भी शामिल किया गया. करीब 70 पुलिसकर्मियों की चार अलग-अलग टीमों ने मिलकर उसकी तलाश की.

CCTV फुटेज से ली गई मदद

खरगोन के पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा ने विशेष जांच दल बनाने के निर्देश दिए. एडिशनल पुलिस अधीक्षक बिट्टू सहगल की अगुवाई में इस टीम ने आरोपी के भागने के रास्तों की जानकारी हासिल की. जांच के दौरान सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई.

विज्ञापन

बसनेर के जंगल में घेरकर पकड़ा

चार दिन की तलाश के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि अरुण तोरण डेम के पीछे बसनेर के घने जंगल में छिपा हुआ है. पुलिस की टीम तुरंत वहां पहुंची और पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद उसे दोबारा जेल प्रशासन को सौंप दिया गया. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह जेल से बाहर निकलने में कैसे कामयाब हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कहां कमी रह गई थी.

नई शादी के बाद मिली सजा, पत्नी से मुलाकात पर हुआ इमोशनल

पूछताछ के दौरान अरुण ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी हाल ही में हुई थी. शादी के तुरंत बाद उसे अदालत से 20 साल की सजा सुनाई गई और उसे जेल जाना पड़ा. जब उसकी पत्नी उससे मिलने जेल पहुंची, तो वह भावुक हो गया. पुलिस के मुताबिक, इसी मुलाकात के बाद उसने जेल से भागने का मन बनाया. इसके बाद उसने जेल से निकलने का प्लान बनाया और 16 अक्टूबर की शाम टॉयलेट की छत से बाहर की दीवार फांदकर फरार हो गया. चार दिन तक पुलिस उसकी तलाश करती रही. आखिरकार मंगलवार को उसे बसनेर के जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ