लापता सोनम रघुवंशी के पिता का बड़ा दावा, जीतू पटवारी बोले- मामले की हो सीबीआई जांच

मध्य प्रदेश के इंदौर के राजा और सोनम रघुवंशी हनीमून के लिए मेघालय गए थे, जहां दोनों लापता हो गए। राजा का शव मिला है, लेकिन सोनम अभी तक नहीं मिली है। परिवार ने किडनैप का आरोप लगाते हुए CBI जांच की मांग की है।

Sonam Raghuwanshi

सोनम रघुवंशी के पिता का नया दावा (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)

मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी हनीमून मनाने के लिए मेघालय गए थे। दोनों लापता हो गए। इससे हड़कंप मच गया। परिजन शिलांग पहुंचे और पुलिस से मामले की जांच करने की बात कही तथा FIR दर्ज करवाई। पुलिस की जांच और पड़ताल में राजा रघुवंशी का शव बरामद कर लिया गया, हालांकि उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। अब सोनम रघुवंशी के पिता ने रोते हुए बड़ा दावा किया है।

विज्ञापन

एक इंटरव्यू के दौरान सोनम के पिता ने कहा, “मेरी तो बार बायपास सर्जरी हो चुकी है, मैं दिल का मरीज हूं। सोनम मेरी बेटी नहीं बल्कि बेटा था। मेरा बिजनेस भी वही संभालती थी और 150 लोग उसके साथ काम करते थे।” उन्होंने कहा, “मैं केंद्र सरकार से एक ही मांग कर रहा हूं कि मेरी बेटी को मेरे पास ले आओ। जल्दी CBI जांच करवाई जाए। हमने उसकी तलाश के लिए मिलिट्री को भेजने की मांग की थी, लेकिन ये मांग नहीं मानी गई है।”

विज्ञापन

सोनम के पिता ने कहा कि बेटी को किडनैप किया गया है, पता नहीं उसके साथ क्या कर रहे होंगे। उन्होंने कहा कि दोनों की पहले रेकी की गई थी और फिर घटना को अंजाम दिया गया। उनका कहना है कि सोनम की हत्या नहीं हुई है बल्कि उसे किडनैप किया गया है। अगर मेघालय पुलिस ठीक से काम नहीं कर रही है तो मध्य प्रदेश पुलिस से जांच करवाई जानी चाहिए।

सोनम के पिता ने बताया-भाई को मिली धमकी

सोनम के पिता ने बताया कि सोनम के भाई को होटल की तरफ से धमकी मिली है कि होटल खाली कर दें। होटल वालों का कहना था कि वे उनके क्षेत्र को बदनाम कर रहे हैं। वहीं सोनम के पिता ने यह भी कहा कि अगर सोनम को दस किलोमीटर के आसपास ठीक से तलाशा जाए तो उसे बरामद कर लिया जाएगा। वहीं इस बीच सोनम और राजा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों स्कूटी से कहीं जाते दिखाई दे रहे हैं। वे अपना बैग नहीं ले जाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने जरूरी सामान निकालकर स्कूटी में रखा और फिर होटल में अपना बैग छोड़कर चले गए। बताया जा रहा है कि इसके बाद वे कभी होटल नहीं लौटे।

विज्ञापन


राजा रघुवंशी के घर कांग्रेस नेता जीतू पटवारी गए और परिजनों से मुलाकात की है। सोशल मीडिया पर उन्होंने फोटो शेयर कर लिखा कि मेरे इंदौर का रघुवंशी परिवार जिस असहनीय पीड़ा से गुजर रहा है, उसकी कल्पना मात्र ही किसी को भी विचलित कर सकती है। राजा रघुवंशी की मौत जितनी दुखद है, उतना ही पीड़ादायक यह भी है कि उनकी पत्नी सोनम अभी भी लापता है। मेरी सरकार से मांग है कि हत्या और अपहरण के इस सनसनीखेज मामले की सीबीआई जांच तत्काल शुरू की जाए। आज रघुवंशी परिवार से मिलकर, दुखद घटना के प्रति अपनी, संवेदनाएं व्यक्त कीं।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ