News24 की खबर का असर; मुरैना में अवैध खनन पर एक्शन, दोनों आरक्षक सस्पेंड

मध्य प्रदेश के मुरैना में चल रहे अवैध खनन पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। वीडियो वायरल होने के बाद लगातार कार्रवाई की मांग हो रही थी। वीडियो में पुलिस की मौजूदगी में खनन माफिया रेत ले जाते दिखा था। सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद धड़ल्ले से खनन किया जा रहा था। विस्तार से मामले के बारे में जानते हैं।

Madhya Pradesh crime news

विपिन श्रीवास्तव, मुरैना

मध्य प्रदेश के मुरैना में सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद भी अवैध खनन का मामला सामने आया था। खनन माफिया पुलिस की मौजूदगी में अवैध तौर पर रेत ले जाते नजर आया था। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। News24 ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। वीडियो में दिखा था कि दो पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में अवैध खनन किया जा रहा है। वीडियो में दिखाई देने वाले आरक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया है। मुरैना के एसडीएम चंद्रभूषण प्रसाद और एएसपी सुरेंद्र सिंह डाबर ने कार्रवाई की पुष्टि की है।

वीडियो में दिख रहा था कि सिविल ड्रेस में 2 पुलिसकर्मी मौजूद हैं। दोनों ट्रैक्टरों की एंट्री से लेकर थाने की सीमा तक अवैध खनन करने वाले वाहनों को पास करवाते हैं। दोनों पुलिसकर्मी चिन्नौनी थाने के बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक वायरल वीडियो मुरैना जिले के चिन्नौनी थाना इलाके में आते होराबरा घाट का था। वीडियो में दर्जनों ट्रैक्टर-ट्राली नदी से रेत ले जाते दिखे थे। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने दोनों आरक्षकों अवधेश सिंह सिकरवार और कोक सिंह रावत को निलंबित करने के आदेश जारी किए।

कांग्रेस ने साधा था निशाना

गौरतलब है कि पिछले महीने भी अवैध खनन में शामिल एक ट्रक पकड़ा गया था। ट्रक ड्राइवर ने खुलासा किया था कि ट्रक एक मंत्री के बेटे का था। उसे रोजाना रेत ढुलाई के बदले 1000 रुपये दिए जाते थे। वन विभाग ने कहा था कि मामले की जांच होगी कि ट्रक किसी नेता का है या नहीं। ट्रक के पीछे के नंबर और चेचिस नंबर मिटाने की भी कोशिश करने के आरोप लगे थे। आरोपी ड्राइवर को ट्रक के साथ कोतवाली थाने ले जाया गया था। मामले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि मध्य प्रदेश सरकार के अधिकांश मंत्री पार्टटाइम पॉलिटिक्स कर रहे हैं, क्योंकि ज्यादातर का मुख्य धंधा अवैध परिवहन से जुड़ा हुआ है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ