AVNL में गाड़ियां लगाने का झांसा, महिला बैंककर्मी ने 32.63 लाख ठगे; जबलपुर से गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते से ठगी की रकम में से 22.64 लाख रुपये बरामद करने के साथ ही कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किया है.

AVNL CAR.jpg

पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते से ठगी की रकम में से 22.64 लाख रुपये बरामद किए. (Photo: AI/News24)

भारतीय सेना से जुड़ी संस्था आर्मी व्हीकल्स निगम लिमिटेड (AVNL) के नाम पर गाड़ियां किराए पर लगाने का झांसा देकर 32 लाख रुपये से ज्यादा की कथित ठगी का मामला सामने आया है. मुंबई की दिंडोशी पुलिस ने इस मामले में एक महिला को मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के बैंक खाते से ठगी की रकम में से 22 लाख 64 हजार 524 रुपये बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनाली कुमारी के तौर पर हुई है. वह जबलपुर स्थित एक निजी बैंक में काम करती थी.

विज्ञापन

32 लाख 63 हजार रुपये की ठगी

आरोप है कि महिला ने व्हाट्सऐप के जरिए शिकायतकर्ता को AVNL के जबलपुर कार्यालय में अलग-अलग तरह की गाड़ियां किराए पर लगाने से जुड़ा फर्जी विज्ञापन भेजा. इसके बाद उसने शिकायतकर्ता को भरोसा दिलाया कि वह उसके नाम पर AVNL के जबलपुर कार्यालय में वाहन लगवा देगी. इस झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने जनवरी 2025 से नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में आरोपी के बैंक खाते में कुल 32 लाख 63 हजार रुपये से अधिक जमा कर दिए.

विज्ञापन

BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज

रकम लेने के बाद जब वाहन लगाने का काम आगे नहीं बढ़ा और शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ, तो उसने दिंडोशी पुलिस से शिकायत की. इसके बाद पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों की जानकारी, तकनीकी इनपुट और अन्य सुरागों की मदद से आरोपी की पहचान की. इसके बाद दिंडोशी पुलिस की टीम ने 18 अगस्त 2026 को जबलपुर पहुंचकर मोनाली कुमारी को गिरफ्तार कर लिया.

विज्ञापन

बैंक खाते से निकाले गए 22.64 लाख रुपये

पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते से ठगी की रकम में से 22.64 लाख रुपये बरामद करने के साथ ही कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किया है. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला को उसके बैंक से निलंबित किया जा चुका है. पुलिस के मुताबिक, जबलपुर में भी उसके खिलाफ अन्य लोगों से कथित धोखाधड़ी से जुड़े मामले दर्ज हैं. फिलहाल दिंडोशी पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि AVNL के नाम पर ठगी के इस मामले के अलावा उसने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इस फर्जीवाड़े में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ