MP के धार में बेकाबू कार नाले में गिरी, आग लगने से चार दोस्तों की मौके पर जलकर मौत

मध्य प्रदेश के धार जिले में टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर पुलिया में गिर गई और उसमें आग लग गई. हादसे में चार दोस्तों की जलकर मौत हो गई, जबकि 20 वर्षीय तुषार मांडलोई गंभीर रूप से घायल हो गया.

MP Dhar Car Accident

मध्य प्रदेश के धार जिले में हादसे के बाद पूरी तरह जली कार. (Image- X/@ANI)

मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां एक कार टायर फटने के बाद बेकाबू होकर पुलिया में गिर गई. इसके बाद कार में आग लग गई. इस हादसे में कार सवार चार दोस्तों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि हादसा रविवार रात 11 बजकर 14 मिनट पर हुआ. कार का एक टायर फटने की वजह से ड्राइवर कार बेकाबू हो गई. इसके बाद कार लेबड़-नयागांव फोरलेन सड़क से नीचे उतरकर पुलिया में जा गिरी और उसमें आग लग गई. हादसे की जगह जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर है.

विज्ञापन

मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे पांच दोस्त

जांच अधिकारी कैलाश गमड़ ने बताया कि कार में पांच दोस्त सवार थे. सभी सगौर गांव से एक मंदिर में दर्शन करने गए थे और वहां से लौट रहे थे. इसी दौरान उनके साथ हादसा हो गया. हादसे के समय कार में सवार एक युवक उछलकर बाहर गिर गया, जबकि चार अन्य युवक कार के अंदर ही फंस गए. आग तेजी से फैलने की वजह से चारों की जलकर मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान स्थानीय निवासी भीम धाकड़ (24), आदित्य तिवारी (22), चेतन धाकड़ (21) और अभिषेक सोलंकी (19) के रूप में हुई है.

विज्ञापन

गंभीर रूप से घायल युवक इंदौर रेफर

इस हादसे में तुषार मांडलोई (20) गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका पहले जरूरी इलाज किया गया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर भेज दिया गया. पुलिस के मुताबिक, उसकी हालत गंभीर है. हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दमकल की गाड़ी को बुलाया गया. दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी. पुलिस ने चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए धार जिला अस्पताल भेज दिए हैं. हादसे की जांच की जा रही है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ