अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे थे TI दिलीप पुरी, तस्कर के वाहन ने कुचला; इलाज के दौरान मौत

मध्य प्रदेश के देवास में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को तस्करों के वाहन ने कुचल दिया. अस्पताल में दो घंटे इलाज के बाद उनकी मौत हो गई.

Untitled Design (23)

देवास में शराब तस्करों की दबंगई, TI दिलीप पुरी को वाहन से कुचला; अस्पताल में तोड़ा दम(Photo-X/@KrVijayShah)

मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की दर्दनाक मौत हो गई. रविवार देर रात इंदौर-बैतूल हाईवे पर तस्करों के वाहन ने उन्हें कुचल दिया. हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. इस घटना से पुलिस विभाग और उनके परिवार में शोक है.

विज्ञापन

कौन थे दिलीप पुरी?

दिलीप पुरी मूल रूप से धार जिले की सरदारपुर तहसील के गांव बरमण्डल के रहने वाले थे. उनका परिवार इलाके में जाना-पहचाना है. उनके पिता ओमप्रकाश पुरी किसान होने के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी हैं. हालांकि, दिलीप पुरी ने राजनीति के बजाय पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों की सेवा करने का रास्ता चुना. वह पहले उप निरीक्षक के पद पर पुलिस सेवा में आए थे. उनके छोटे भाई इंदौर में नौकरी करते हैं.

विज्ञापन

कैसे हुआ हादसा?

रविवार देर रात करीब 1:30 बजे दिलीप पुरी को सूचना मिली कि इंदौर-बैतूल हाईवे से अवैध शराब ले जाई जा रही है. इसके बाद वह अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वहां डिवाइडर के पास एक अंजान ट्रक खड़ा मिला. दिलीप पुरी ने चालक को नीचे उतरने के लिए कहा. लेकिन पुलिस को देखकर चालक घबरा गया और वाहन लेकर भागने लगा. आरोप है कि चालक ने वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर तेजी से आगे बढ़ाया. इसी दौरान वाहन का पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया. वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

दो घंटे तक चला इलाज, नहीं बची जान

हादसे के तुरंत बाद पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे. उनके शरीर पर कई गंभीर चोटें आई थीं और काफी खून बह गया था. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की. करीब दो घंटे तक सीपीआर और इमरजेंसी इलाज दिया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

विज्ञापन

गांव में पसरा मातम

दिलीप पुरी की मौत की खबर उनके पैतृक गांव बरमण्डल पहुंचते ही शोक फैल गया. परिवार के लोग और रिश्तेदार गांव पहुंचने लगे. उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों के मुताबिक, दिलीप पुरी बचपन से ही मेहनती थे. उनकी मौत से गांव के लोग भी दुखी हैं.

राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिलीप पुरी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बरमण्डल में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा. पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मामले पर नजर रखे हुए हैं. वहीं, घटना में शामिल तस्करों को पकड़ने के लिए जांच और कार्रवाई जारी है.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ