जबलपुर में भीषण सड़क हादसा, बेकाबू कार ने मजदूरों को रौंदा, दो की मौत और 11 लोग घायल

मध्य प्रदेश के जबलपुर में रविवार को एक बेकाबू कार ने लंच कर रहे मजदूरों को रौंद दिया. इस दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हुए हैं.

Jabalpur road accident

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में रविवार दोपहर एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया. बरेला थाना इलाके के अंतर्गत एकता चौक के पास एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे काम कर रहे मजदूरों को बुरी तरह रौंद दिया. यह हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूर सड़क के डिवाइडर पर रेलिंग लगाने का काम कर रहे थे और दोपहर करीब 2:00 बजे खाना खाने के लिए ब्रेक पर बैठे थे. अचानक आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया जिससे वहां चीख-पुकार मच गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि 11 लोग घायल हैं.

विज्ञापन

मंडला जिले के रहने वाले हैं सभी मजदूर

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में कुल 11 मजदूर घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए तुरंत जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. अस्पताल में भर्ती घायलों में से एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. ये सभी मजदूर पड़ोसी जिले मंडला के रहने वाले हैं और रोजी-रोटी की तलाश में जबलपुर आए थे. एडिशनल एसपी पल्लवी शुक्ला ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. मजदूरों के परिवारों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है जिससे उनके गांव में मातम पसरा हुआ है.

विज्ञापन

बिना नंबर प्लेट की कार लेकर फरार हुआ ड्राइवर

हैरान करने वाली बात यह है कि जिस कार से यह एक्सीडेंट हुआ उस पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर या नंबर प्लेट नहीं लगी थी. हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा. पुलिस ने बताया कि फरार ड्राइवर की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी गई है. बिना नंबर की गाड़ी होने की वजह से पुलिस के लिए आरोपी तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण है लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सूत्रों की मदद से कार की पहचान करने की कोशिश कर रही है. बरेला थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

विज्ञापन

मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क किनारे काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार बहुत ज्यादा थी और ड्राइवर ने मजदूरों को देखते ही नियंत्रण खो दिया था. सिग्मा कॉलोनी के बाहर हुए इस हादसे ने स्थानीय लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है. लोगों का कहना है कि व्यस्त सड़कों पर काम के दौरान सुरक्षा घेरा होना जरूरी है ताकि इस तरह के बेकाबू वाहन मासूम लोगों की जान न ले सकें. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी ड्राइवर को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ