News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
kidnappers killed innocent child in Badaun: उत्तर प्रदेश में थाने की ओर से हो रही लापरवाही के चलते अनेकों लोग आए दिन किसी न किसी अनहोनी का शिकार हो जाते हैं। इसी लापरवाही के कारण एक बार फिर यूपी के बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्चे को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। इस मामले में एक लापता बच्चे की शिकायत पुलिस ने नहीं दर्ज की, जिसके बाद बच्चे का शव गन्ने के खेत में बरामद हुआ।
पीड़ित परिवार ने बताया कि उनका आठ वर्षीय बालक कस्बे के ही प्राथमिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। बीते बुधवार की दोपहर कस्बे में मेरा देश-मेरी माटी कार्यक्रम के तहत कुछ लोग घर-घर माटी मांग रहे थे। उस दौरान उनका बालक भी घर से उनके साथ चला गया, लेकिन फिर वापस घर नहीं लौटा। काफी इंतजार के बाद जब शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला तो परिवार वाले स्थानीय फैजगंज बेहटा थाने शिकायत के लिए पहुंचे।
इस मामले में पुलिस की ओर से बड़ी लापरवाही सामने आई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि मामले की शिकायत को लेकर थाने पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की तो थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इतना ही नहीं, पुलिस ने परिवार वालों से छात्र को अपने रिश्तेदारियों में ढूंढने की सलाह दी।
परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस के कहने पर परिवार के लोग अपनी रिश्तेदारी में बच्चे को लेकर जानकारी करने लगे, इसी बीच बृहस्पतिवार की दोपहर तकरीबन 2:00 बजे परिवार वालों के मोबाइल फोन पर कॉल आई। जिसमें कॉल करने वाले ने परिवार से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। परिवार का कहना है कि फिरौती की कॉल के बाद वे सीधे थाने पहुंचे और उन्होंने फिरौती की कॉल आने के बारे में पुलिस को जानकारी दी। अपहरण की सूचना मिलते ही थाना पुलिस के होश उड़ गए, जिसके बाद पुलिस ने आनन-फानन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
फिरौता की कॉल आने के बाद पुलिस ने कॉल डिटेल और मोबाइल नंबर की डिटेल निकलवाई, जिसके आधार पर कस्बे के ही एक किशोर को पकड़ हिरासत में लिया गया। उस किशोर की निशानदेही पर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात चनी गांव के पास किशनपाल के गन्ने के खेत से छात्र का शव बरामद किया। शव मिलने की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. ओपी सिंह कई थानों की पुलिस साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल की छानबीन के बाद छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के कस्बा मुड़िया धुरेकी से बुधवार को कक्षा तीन के छात्र की गला घोंटकर हत्या कर दी गई, घटना के बाद उसका शव गन्ने के खेत में मिला है। अपहरण करने वालों ने छात्र के पिता को मोबाइल पर कॉल करके 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी, जिसे बाद पुलिस हरकत में आई और मामले का खुलासा किया।
न्यूज 24 पर पढ़ें प्रदेश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।