दिवाली से पहले रांची जाने का सफर हुआ महंगा, फ्लाइट का किराया 30000 के पार; ट्रेनें भी फुल
दिवाली से पहले झारखंड आने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. बेंगलुरु से रांची की फ्लाइट का किराया 30,999 रुपये तक पहुंच गया है. मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद और अहमदाबाद से आने वाली फ्लाइट्स भी महंगी हो गई हैं. वहीं, ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है.
दिवाली से पहले रांची आने वाली फ्लाइट्स का किराया 30,999 रुपये तक पहुंचा, ट्रेनों में भी कंफर्म टिकट की कमी. (Image- ANI)
दिवाली के त्योहार पर अपने घर झारखंड आने का प्लान बना रहे लोगों के लिए सफर करना मुश्किल हो गया है. ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं तो दूसरी तरफ हवाई किराया कई गुना बढ़ गया है. मुंबई, अहमदाबाद, चेन्नई, हैदराबाद और नई दिल्ली जैसे बड़े शहरों से रांची आने वाली फ्लाइट्स के किराये में तीन से छह गुना तक की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, दक्षिण भारत से झारखंड आने वाली ट्रेनों की संख्या सीमित होने के कारण उनमें भी सीटें उपलब्ध नहीं हैं.
विज्ञापन
बड़े शहरों से सीधे रांची आने वाली फ्लाइट्स में सीटें लगभग भर चुकी हैं. इसके चलते लोगों को टिकट के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं. 8 नवंबर को दिवाली से एक दिन पहले यानी 7 नवंबर को बेंगलुरु से रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट का किराया 30,999 रुपये तक पहुंच गया है. वहीं, इसी दिन मुंबई से रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट का किराया 26,693 रुपये हो गया है.
विज्ञापन
ट्रेनों में टिकट नहीं, हवाई सफर भी महंगा
ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने की वजह से कई यात्रियों के पास फ्लाइट से सफर करने का ऑप्शन होता है. लेकिन त्योहार के समय विमानों में भी सीटें फुल होने लगी हैं. इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है. सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे के बीच रांची पहुंचने वाली फ्लाइट्स का किराया खास तौर पर ज्यादा है. रात में रांची आने वाली फ्लाइट्स में किराये के मामले में कुछ राहत जरूर है, लेकिन इनके टिकट भी सस्ते नहीं हैं.
विमानों की सीमित संख्या से बढ़ा किराया
आम दिनों में देश के बड़े शहरों से रांची आने का हवाई किराया करीब 7,000 से 8,500 रुपये के बीच रहता है. वहीं, कोलकाता से रांची आने के लिए आम दिनों में लगभग 4,000 रुपये खर्च करने पड़ते हैं. लेकिन दिवाली के आसपास किराये में काफी बढ़ोतरी हो गई है. कई रूट पर टिकट आम दिनों के मुकाबले दो से चार गुना तक महंगे हो गए हैं. एयरलाइंस के मुताबिक, त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है, जबकि फ्लाइट्स सीमित रहती है. इसी वजह से हवाई किराये में बढ़ोतरी होती है.
विज्ञापन
7 नवंबर और सामान्य दिनों में किराये की तुलना
हवाई रूट
7 नवंबर का किराया
आम दिनों का किराया
मुंबई-रांची
₹26,692
₹8,779
बेंगलुरु-रांची
₹30,999
₹8,609
दिल्ली-रांची
₹20,968
₹7,213
हैदराबाद-रांची
₹19,692
₹7,249
चेन्नई-रांची
₹16,733
₹7,249
अहमदाबाद-रांची
₹21,734
₹7,507
कोलकाता-रांची
₹5,685
₹4,215
ट्रेनों में भी टिकटों की लंबी वेटिंग लिस्ट
हवाई किराये में बढ़ोतरी के साथ-साथ रेल यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं. खासकर दक्षिण भारत के शहरों से झारखंड आने वाली ट्रेनों में सीटें नहीं मिल रही हैं. कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट है, जिसके कारण त्योहार पर घर आने वाले लोगों के लिए सफर करना मुश्किल हो रहा है. जो लोग मजबूरी में सफर करना चाहते हैं, उनके सामने टिकट की कमी की परेशानी है. ट्रेनों में कंफर्म सीट नहीं मिलने और फ्लाइट्स के महंगे टिकटों के कारण यात्रियों को घर पहुंचने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.