'जनसेवा के तीन वर्ष' पर सीएम हेमंत सोरेन बोले- जल्द विकसित राज्यों की कतार में खड़ा होगा झारखंड
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

विवेक चंद्रा (झारखंड): झारखंड (Jharkhand) में हेमंत सरकार के तीन साल पूरे हो चुके हैं। इस मौके पर हुए एक कार्यक्रम को सीएम हेमंत सोरेने (CM Hemant Soren) ने ‘जनसेवा के तीन वर्ष’ नाम दिया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए सीएम ने तीन साल के उतार-चढ़ाव वाले दौर को याद किया। साथ ही कहा कि आज राज्य विकसित राज्यों की कतार में खड़ा है। हमने विकास के पहिए को रफ्तार दी है।
जानकारी के मुताबिक हेमंत सरकार ने आज अपने कार्यकाल के 3 साल पूरे कर लिए। इस मौके पर रांची के प्रोजेक्ट भवन में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजन हुआ। सीएम ने इस कार्यक्रम को ‘जनसेवा के तीन वर्ष’ नाम दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार के 3 वर्षों के कार्यकाल काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है।
सरकार बनने के साथ ही हमने कोरोना जैसी चुनौतियों का सामना किया। इससे हम घबराए नहीं, बल्कि हमने आपदा को अवसर में बदलने का प्रयास किया। राज्य पर पिछड़े राज्य की मुहर लगी हुई थी। हमारे पास डॉक्टरों की कमी है, लेकिन इसके बावजूद भी कोरोना महामारी में बेहतर काम किया। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 20 वर्षों से झारखंड में विकास का पहिया थमा हुआ था, जिसे हमने रफ्तार दी है। सरकार आदिवासी, दलित, पिछड़ो और अल्पसंख्यकों के अधिकार के लिए निरंतर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि आज झारखंड का माहौल बदल रहा है। हमारे बच्चे विदेशों में पढ़ाई करने जा रहे हैं। शिक्षा, रोजगार और खेल समेत हर क्षेत्र में हमने लक्ष्य साध रखा है। इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। आज हमारे गरीब बच्चे अफसर बन रहे हैं। हमने राज्य गठन के बाद पहली बार खेल पदाधिकारियों, कृषि पदाधिकारियों और जेपीएससी की नियुक्ति प्रक्रिया को मजबूत किया।
सरकार के तीन साल पूरे होने पर आज का कार्यक्रम बहुत सादा, लेकिन विशेष रूप से बड़े समूह को लाभ देने के लिए आयोजित किया गया है। इस अवसर पर कई पोर्टल, नई स्कीम और स्कॉलरशिप जैसी योजनाएं लागू की गई हैं। सीएम ने कहा कि किसानों को सूखा राहत का पैकेज भी पहली बार समय पर मिल रहा है।
झारखंड जल्द ही विकसित राज्यों की कतार में शुमार होगा। इस मौके पर कई लाभार्थियों को योजना राशि का वितरण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने जनता को करीब 890 करोड़ रुपए की सौगात दी। सीएम ने ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ पुस्तिका का भी विमोचन किया।

सरकार के तीन साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने जोहार खिलाडी पोर्टल का शुभारंभ किया। बताया गया है कि यह देश का पहला ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा, जिसमें एक क्लिक पर खेल की तमाम जानकारियां उपलब्ध होंगी। इसमें राज्य के सभी खेल मैदान भी ऑनलाइन रजिस्टर्ड होंगे। इस पोर्टल से राज्य में खेल और खिलाड़ियों को एक नया आयाम मिल सकेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सोरेन ने जोहार परियोजना पोर्टल भी लांच किया। इस पोर्टल द्वारा सभी सरकारी योजनाओं की निगरानी की जाएगी।
मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना की ओर से 7,00,000 किसान परिवारों को राहत पैकेज प्रदान किया गया। इसके तहत 35 सौ रुपए की अनुग्रहित राशि सीधे किसानों के खाते में जाएगी। कार्यक्रम के बीच मुख्यमंत्री ने दो लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से चेक प्रदान कर इसका शुभारंभ किया। इसी दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम ने प्री मैट्रिक स्कॉलरशिप की भी शुरुआत करके छात्रों को राशि प्रदान की।

सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत मुख्यमंत्री ने 5,52,685 बालिकाओं के खाते में एक क्लिक के साथ 219 करोड़ों रुपए की राशि ट्रांसफर की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कई जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों से भी बात की। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत 2 लाभार्थियों को सीएम ने डमी चेक प्रदान किए।
बता दें कि इस योजना के तहत जीवन को सुदृढ़ बनाने के लिए 8वीं की छात्राओं को 2500 रुपए, 10वीं-12वीं की छात्राओं को 5000 रुपए और 18-19 वर्ष की छात्राओं को 20,000 प्रदान किए जाते हैं। कार्यक्रम में मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत राज्य सरकार के कई मंत्री और विशिष्ट लोग मौजूद रहे। जबकि राज्य के कई मंत्री अलग-अलग जिलों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री से जुड़े।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: