शिमला में पहाड़ी गिरने से सात मकान ढहे, कई लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका
Author: Naresh Chaudhary
Aug 15, 2023 07:13 PM IST
Shimla News: हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण तबाही थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब तक प्रदेश में 55 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को शिमला के कृष्णानगर इलाके में बारिश के बीच एक पहाड़ी ढह गई। इस भूस्खलन में करीब पांच से सात मकान भी ढह गए हैं। अधिकारियों का आशंका है कि मलबे में कई लोग दबे हो सकते हैं। हालांकि अभी तक पूरी जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
https://twitter.com/ANI/status/1691437104608477184
मौके पर पहुंची टीमें, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
शिमला के एसपी संजीव गांधी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि हद से ज्यादा बारिश होने के कारण बड़ा भूस्खलन हुआ है। इसमें कई घर ढह गए हैं। कुछ स्थानीय निवासियों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। एम्बुलेंस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, राज्य और जिला पुलिस मौके पर हैं। हादसे में भारी नुकसान की भी आशंका है।
यह भी पढ़ेंः हिमाचल-उत्तराखंड में बारिश से अब तक 58 की मौत; अगले 24 घंटे और भी ज्यादा भारी, IMD का अलर्ट जारी
48 घंटे में 55 लोगों की मौत, बढ़ सकता है आंकड़ा
बता दें कि हिमाचल और उत्तराखंड में पिछले दो दिन से लगातार भारी बारिश जारी है। इसके कारण दोनों राज्यों में हाहाकार की स्थिति है। पहाड़ों पर भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। हिमाचल प्रदेश में पिछले करीब 48 घंटे में 55 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के सीएम सुक्खू ने भी अभी और मौतों की आशंका जताई है। शिमला में ताजा भूस्खलन में भी स्थिति भयावह बताई जा रही है।