हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव की घोषणा कर दी है. प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में 26 मई, 28 मई और 30 मई को होंगे. राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने बताया कि मतदान के लिए सुबह 7 बजे से दोपहर तीन बजे तक का समय तय किया गया है. इसमें ग्राम पंचायत से संबंधित मत पत्रों की गिनती मतदान खत्म होने के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय में की जाएगी. पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गणना 31 मई को सुबह 9 बजे विकास खंड मुख्यालय पर होगी.

हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर पंचायती राज संस्थाओं के कुल 31,182 पदों पर चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी. प्रधान पद के लिए 3,754, उप प्रधान के भी 3,754 और ग्राम पंचायत सदस्यों की संख्या सबसे अधिक 21,654 है. पंचायत समिति सदस्य के 1,769 पद और जिला परिषद सदस्य के लिए 251 सीट पर चुनाव होंगे. हिमाचल प्रदेश में 31,214 पदों में से 15,656 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं.

---विज्ञापन---

हिमाचल प्रदेश की पंचायती राज संस्थाओं में कुल 50,79,048 मतदाता पंजीकृत हैं. इनमें 25,67,770 पुरुष, 25,11,249 महिलाएं और 29 अन्य मतदाता शामिल हैं. खास बात यह है कि इस बार 52,349 नए युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 28,581 पुरुष और 23,768 महिलाएं शामिल हैं.

---विज्ञापन---

आंकड़ों के अनुसार, विकास खंड पांवटा साहिब की ग्राम पंचायत भाटावली में सबसे अधिक 4,623 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जबकि उसी क्षेत्र की एक अन्य ग्राम पंचायत में सबसे कम 178 मतदाता हैं. वहीं, भाटावली पंचायत के वार्ड नंबर 7 में सर्वाधिक 723 मतदाता हैं, जबकि एक अन्य पंचायत के वार्ड नंबर 8 में सबसे कम 17 मतदाता दर्ज किए गए हैं. मतदान के लिए आयोग ने 21,678 केन्द्र स्थापित किए हैं.

---विज्ञापन---

उम्मीदवार 7, 8 और 11 मई को अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. नामांकन दाखिल करने का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है. नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 12 मई को सुबह 10 बजे से की जाएगी. इसके बाद उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का अवसर 14 और 15 मई 2026 को दिया जाएगा, जिसके लिए समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक तय किया गया है. नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद 15 मई को ही अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी.

---विज्ञापन---

---विज्ञापन---