हरियाणा के पंचकूला जिले में एक स्कूल से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. मामला सेक्टर-20 स्थित संस्कृति मॉडल स्कूल का है. जहां तीसरी क्लास के छात्र ने KG की छात्र को इतनी बुरी तरह पीटा कि वह अस्पताल पहुंच गई और बेहोशी की हालत में है. उसकी हालत इतनी नाजुक है कि उसे पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित जिला अस्पताल से PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है. क्योंकि छात्र ने बच्ची को न सिर्फ पीटा, बल्कि उसे घसीटा, धक्के मारे. बच्ची को पत्थर मार-मारकर चोट पहुंचाई गई. इतना ही नहीं, बच्ची के बेहोश होने पर भी वह उसे पीटता रहा.
घटना से स्कूल में सुरक्षा पर सवाल उठे
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो रहा है और इस घटना ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर स्कूल में क्लासरूम के अंदर ऐसी घटना कैसे हुई? क्या किसी ने बच्ची के चिल्लाने की आवाज नहीं सुनी? खाली क्लासरूम में दोनों बच्चे क्यों थे? क्या घटना के समय स्कूल के अंदर कोई नहीं था? अगर स्कूल की छुट्टी थी तो दोनों बच्चे स्कूल में कैसे पहुंचे? अगर स्कूल की छुट्टी नहीं थी तो फिर घटना के बारे में किसी को पता क्यों नहीं चला? पुलिस इस मामले में स्कूल प्रशासन से पूछताछ कर रही है.
PGI चंडीगढ़ रेफर की गई घायल बच्ची
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी छात्र ने बच्ची पर पत्थरों के साथ गमले से भी हमला किया. बेहोश होने के बाद भी वह उसे घसीटता रहा. घटना के बारे में पता चलते ही घायल बच्ची को आनन-फानन में पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में ले जाया गया. डॉक्टरों ने बच्ची को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन बच्ची की हालत नाजुक होने के चलते उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है. सूत्रों के अनुसार, बच्ची स्पेशल चाइल्ड थी, लेकिन अभी तक इस बारे में मेडिकली या फैमिली के तौर पर स्पष्ट नहीं किया गया है. बच्ची के परिजन घटना को लेकर काफी आक्रोशित हैं.
CCTV में कैद हुआ हमला करता बच्चा
बता दें कि पीड़ित बच्ची के परिजनों ने आरोपी बच्चे के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है, जिसके उसके माता-पिता और स्कूल प्रशासन को भी आरोपी बनाया गया है. शिकायत मिलते ही सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने स्कूल में लगे CCTV कैमरे खंगाले, जिसमें क्लासरूम में लगे कैमरे की फुटेज में आरोपी बच्ची पर हमला करता दिखा. दोनों जांच अधिकारी मामले की छानबीन करने स्कूल पहुंचे और मैनेजमेंट से घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की. हमलावर छात्र के माता-पिता को भी थाने में बुलाया गया है, क्योंकि हमले की वजह का पता लगाना बेहद जरूरी है.