हरियाणा में भाजपा के संगठन में हालिया फेरबदल के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. हरियाणा विधानसभा के सभी 48 भाजपा विधायक आज नई दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. पीएमओ की ओर से विधायकों के साथ इस मीटिंग के लिए शाम शाम चार से छह बजे तक का समय तय किया गया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में यह मीटिंग हो रही है. मीटिंग में हरियाणा सरकार के सभी 13 कैबिनेट मंत्री भी शिरकत करेंगे. हालांकि, इस मीटिंग के पीछे क्या मकसद है, यह सामने नहीं आया है. लेकिन बताया जा रहा है कि संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर मीटिंग में चर्चा होगी.
ऐसे तय हुई मीटिंग
सूत्रों के मुताबिक, पिछले दिनों जब हरियाणा भाजपा की नई प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी, तभी विधायकों के साथ सामूहिक चर्चा की रूपरेखा तैयार हुई थी. प्रधानमंत्री ने खुद हरियाणा के विधायकों से एक साथ मिलने की इच्छा जाहिर की थी. इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी पीएमओ से औपचारिक रूप से समय देने का अनुरोध किया था.
स्मृति ईरानी भी हो सकती हैं शामिल
हाल ही में 23 सितंबर को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी नियुक्त किया है. प्रभारी बनाए जाने के बाद यह पहला मौका है जब हरियाणा के सभी विधायक दिल्ली में एक मंच पर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि आज की बैठक में स्मृति ईरानी भी शामिल हो सकती हैं.