भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोटिंग नहीं की। गांव डांगरा के सरकारी स्कूल स्थित बूथ नंबर 148 पर बराला का वोट है। मगर वे वोटिंग के लिए नहीं आए। 21 सितंबर को सुभाष बराला को एक कार एक्सीडेंट में चोटें लगी थीं। उनके भतीजे जयदीप के अनुसार वे दवाई लेने हिसार गए थे। इसलिए वोटिंग में हिस्सा नहीं ले सके। गांव डांगरा टोहाना हलके में आता है।
चुनाव संपन्न होने के बाद अभी तक आयोग ने लेटेस्ट आंकड़े जारी नहीं किए हैं। लेकिन सरकारी आंकड़ों के अनुसार पहले से कम, लेकिन इस बार भी ओवरऑल मतदान में फतेहाबाद अव्वल रहा है। यहां 75 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया है। पिछली बार 76.96 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई थी। दूसरे नंबर पर यमुनानगर है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चुनाव संपन्न होने के बाद कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर मंदिर में पूजा-अर्चना की।
अंबाला जिले में शाम 7 बजे तक 67.40 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। सबसे ज्यादा वोटिंग नारायणगढ़ में 73 प्रतिशत हुई है। वहीं, मुलाना में 70.7 फीसदी और अंबाला कैंट में 64.1 फीसदी मतदान हुआ है। इसके अलावा अंबाला सिटी में 62.9 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर वोटिंग का टाइम समाप्त हो चुका है। अब जो वोटर मतदान केंद्रों के अंदर हैं, वही वोट डाल सकते हैं। मतदान केंद्रों के दरवाजे बंद हो चुके हैं। प्रदेश में अब तक 64.01 फीसदी वोटिंग हुई है। यमुनानगर में सबसे अधिक 71.06 और गुरुग्राम में सबसे कम 52.05 फीसदी वोटिंग हुई है।
भिवानी की चारों विधानसभा सीटों पर शांतिपूर्ण ढंग से 66.8 फीसदी वोटिंग हुई है। भिवानी सीट पर 57.8, बवानीखेड़ा में 66.8 व तोशाम में 67.4 फीसदी वोटिंग हुई है। लोहारू विधानसभा क्षेत्र में 76.6 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। जो सबसे अधिक है।
अंबाला जिले में शाम 6 बजे तक 64.5 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। सबसे ज्यादा वोटिंग नारायणगढ़ में 69.9 प्रतिशत दर्ज की गई है। वहीं, मुलाना में 68.10 और अंबाला कैंट में 61.3 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है। इसके अलावा अंबाला सिटी में 60.20 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।
हरियाणा में 5 बजे तक 61 फीसदी वोटिंग दर्ज की घई है। वहीं, झज्जर जिले में 6 बजे तक 62.3 फीसदी वोटिंग हुई है। बादली में 66.6, बहादुरगढ़ में 61.3, बेरी में 61.2, झज्जर में 60.6 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है।
महेंद्रगढ़ शहर के बूथ नंबर 128 पर वोट डालने आए शख्स को पुलिस ने अरेस्ट किया है। आरोपी ने एक ईवीएम को 3 बार पटक दिया था। आरोपी वार्ड नंबर 13 का रहने वाला जगदीश है। शाम को करीब चार बजे उसने वोट डाला। जब ईवीएम से बीप की आवाज नहीं आई तो मशीन को जोर-जोर से थपथपाने लगा। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। लोहारू हलके में भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री जेपी दलाल की कांग्रेस वर्करों से नोंकझोंक होने का मामला सामने आया है। जेपी दलाल एक बूथ का दौरा करने पहुंचे थे। कांग्रेस वर्करों ने उनके खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने मामला शांत करवाया।
हरियाणा में 4 बजे तक 54.3 प्रतिशत मतदान हो चुका है। पंचकूला में 53.5, अंबाला में 55.6, यमुनानगर में 63.0 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, कुरुक्षेत्र में 55.6, कैथल में 60.4 और करनाल में 52.3 फीसदी वोटिंग हुई है। इसके अलावा पानीपत में 58.1, सोनीपत में 53.1, जींद में 59.1, फतेहाबाद में 55.9 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। सिरसा में 54.8, हिसार में 54.7, भिवानी में 58.7, चरखी दादरी में 58.1 और रोहतक में 52.3 फीसदी मतदान हो चुका है। वहीं, झज्जर में 51.7, महेंद्रगढ़ में 53.6, रेवाड़ी में 53.2, गुरुग्राम में 47.8, मेवात में 60.6, पलवल में 57.1 और फरीदाबाद में 44.2 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।
इंद्री विधानसभा के गांव हलवाना में वोटिंग के दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच गहमागहमी देखने को मिली। लेकिन पुलिस मौके पर मौजूद होने के बाद दोनों पक्ष शांत हो गए। कांग्रेस प्रत्याशी राकेश कंबोज ने एक शख्स को बूथ से बाहर जाने को कहा। लेकिन व्यक्ति यह कहता दिखा कि वोट डालने आया है और डालकर ही जाएगा। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
रोहतक जिले में 4 बजे तक 52.6 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है। महम सीट पर 58.1, गढ़ी सांपला-किलोई में 54.8, रोहतक शहर में 47.8, कलानौर में 48.8 फीसदी वोटिंग हुई है।
पानीपत के नोहरा गांव में फर्जी वोटिंग को लेकर कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों में चाकू भी चले, जिसके कारण 3 लोग घायल हुए हैं। इलाके में तनाव की स्थिति हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान मौके पर पहुंचे हैं। जिसके बाद स्थिति काबू में बताई जा रही है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नारनौंद विधानसभा हलके के गांव डाटा में बूथ नंबर 69 पर फर्जी वोटिंग को लेकर दो पार्टियों के वर्कर भिड़ गए। कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोटिंग के आरोप लगे, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। कुछ लोग वीडियो बनाने लगे। जिसका कांग्रेस वर्करों ने विरोध किया। पुलिस मौके पर पहुंची है। लोगों को समझाया जा रहा है।
हरियाणा में चार बजे तक 54.3% वोटिंग हो चुकी है। पानीपत में चार बजे तक 54.5% फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है। वहीं, पानीपत ग्रामीण में 55.5, पानीपत शहर में 49.2, इसराना में 54.9, समालखा में 58.3 फीसदी मतदान हुआ है। उधर, जींद में 52.2, जुलाना में 62.3, नरवाना में 54.2 और सफीदों में 58.2 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है। उचाना कलां में 57.6 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।
चुनाव आयोग ने डाटा जारी किया है। 3 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में 49.13 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। यमुनानगर में सबसे ज्यादा 56.79 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है। वहीं, नूंह में 56.59 और पलवल में 56.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। गुरुग्राम में सबसे कम वोटिंग 38.61 फीसदी दर्ज की गई है।
सोनीपत जिले में दोपहर 3 बजे तक 45.2 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है। बरोदा सीट पर 46.6, गन्नौर में 47.4, गोहाना में 45.9, खरखौदा में 43.0 फीसदी वोटिंग हुई है। वहीं, राई में 49.3 और सोनीपत में 40.1 फीसदी वोटिंग हुई है।
अंबाला जिले में दोपहर 3 बजे तक 50.7 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है। उधर, नारायणगढ़ में सबसे ज्यादा 56.5 फीसदी, मुलाना में 53.9 फीसदी, अंबाला कैंट में 46.6 फीसदी और अंबाला सिटी में 46.8 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है। नूंह जिले की नूंह सीट पर 53.2 फीसदी व फिरोजपुर झिरका में 53.2 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। वहीं, पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र में 44.8 फीसदी मतदान हो चुका है। वहीं, पूरे जिले में औसत 49.1 फीसदी मतदान दर्ज किया किया है।
सोनीपत की सिक्का कॉलोनी में बने बूथ पर फर्जी वोट डालने का मामला सामने आया है। जिसके बाद चुनाव आयोग को शिकायत की गई है। जनता कॉलोनी निवासी ईशवंती ने बताया कि विजय हाई स्कूल में बूथ संख्या 84 पर वोटिंग करने पहुंची तो पता लगा कि किसी ने वोट डाल दिया है। उन्होंने कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। वहीं, सुदामा नगर निवासी रानी देवी ने भी चुनाव आयोग को शिकायत दी है। आरोप लगाया कि जीवीएम महाविद्यालय के बूथ 17 पर उनका किसी ने फर्जी तौर पर वोट डाल दिया।