हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बादशाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-68 स्थित मरीना सोसाइटी के एक फ्लैट में केरल के रहने वाले आईटी दंपती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं. मृतकों की पहचान कोझिकोड के कोडुवल्ली निवासी 30 वर्षीय मुहम्मद असलम और मलप्पुरम के कोडोंट्टी की रहने वाली उनकी 28 वर्षीय पत्नी फरहाना के रूप में हुई है. असलम गुरुग्राम की एक निजी आईटी कंपनी में काम करते थे. दोनों की कोई संतान नहीं थी और वे कुछ महीने पहले ही बेंगलुरु से गुरुग्राम आकर रहने लगे थे.
बादशाहपुर थाने के इंस्पेक्टर मनोज ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह मामला मर्डर-सुसाइड का लग रहा है. हालांकि, इस खौफनाक कदम के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आगे बढ़ने का इंतजार कर रही है.यह दर्दनाक घटना उस दिन हुई जब फरहाना का जन्मदिन था. घटना की जानकारी तब सामने आई जब असलम ने अपनी कंपनी को एक ईमेल भेजा, जिसमें लिखा था- “हम यह दुनिया छोड़ रहे हैं.” ईमेल देखकर सहकर्मियों ने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी. जब मकान मालिक फ्लैट पर पहुंचे तो दरवाजा खुला था और अंदर दोनों के शव पड़े मिले.
मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार, असलम का शव फंदे से लटकता हुआ मिला, जबकि फरहाना फर्श पर बेसुध पड़ी थीं और उनकी गर्दन पर चोट के निशान थे. इतना ही नहीं, फरहाना के कपड़ों पर हाथ से ‘आई लव यू’ लिखा हुआ मिला. फ्लैट से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिस पर भी वही बात लिखी थी कि वे दुनिया छोड़ रहे हैं. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है. क्राइम और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से तीन लैपटॉप, दो मोबाइल, एक रस्सी, डायरी, कैंची और एक पेन ड्राइव जब्त की है.
मूल रूप से केरल के रहने वाले असलम NIT कालीकट और IIM इंदौर के छात्र रह चुके थे. फरहाना भी एक आईटी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम कर रही थीं. दोनों करीब तीन महीने पहले ही बेंगलुरु से गुरुग्राम शिफ्ट हुए थे. परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच कोई विवाद नहीं था और उनका रिश्ता काफी अच्छा था. हालांकि, असलम पिछले डेढ़ साल से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे. परिजनों ने काम के अत्यधिक दबाव की आशंका भी जताई है.
इस दर्दनाक घटना ने दंपती के परिजनों और दोस्तों को स्तब्ध कर दिया है. फरहाना के बचपन के दोस्त मुहम्मद उनैस ने बताया कि दोनों के बीच कभी कोई विवाद सामने नहीं आया था. दोनों हमेशा खुशमिजाज रहते थे और उन्हें घूमने-फिरने का बहुत शौक था. उन्होंने हाल ही में एक ट्रिप की योजना भी बनाई थी. दोनों अच्छी नौकरी में थे और शिक्षित परिवारों से ताल्लुक रखते थे. ऐसे में अचानक सामने आई इस दुखद खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है.