कहते हैं कि पढ़ने-लिखने की कोई उम्र नहीं होती. अगर किसी चीज को पाने की चाह दिल में हो तो वो मिल ही जाती है. ऐसा ही कुछ कर दिखाया है हरियाणा के सिरसा के रहने वाले लाल चंद गोदरा ने, जिन्होंने 85 साल की उम्र में IGNOU से MA की डिग्री मिली है. उन्हें 1200 में से 965 मार्क्स मिले हैं. पूर्व सैनिक लाल चंद गोदारा का MA तक का सफर बेहद दिलचस्प रहा. उन्होंने 71 साल की उम्र में पढ़ाई शुरू करने की ठानी और 76 साल की उम्र में ग्रेजुएशन पूरा किया. अब 85 साल की उम्र में मास्टर्स करने के बाद वो पीएचडी या लॉ करने की प्लानिंग कर रहे हैं.
कौन हैं लाल चंद गोदारा?
लाल चंद गोदारा ने सालों तक भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा की है. वो 1962,1965 और 1971 के युद्धों में हिस्सा ले चुके हैं. उनका हमेशा से ये सपना रहा कि वो पढ़ाई करें, लेकिन पारिवारिक और जीवन की परिस्थितियों की वजह से वो लंबे समय तक पढ़ाई नहीं जारी रख पाए. सेना की सेवा से रिटायर होने के बाद उन्होंने 71 साल की उम्र में एक बार फिर पढ़ाई शुरू करने की सोची. इसके बाद 76 साल की उम्र में उन्होंने ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. इस पूरे सफर में उनकी पोतियों ने भी उनका साथ दिया और उन्हें पढ़ाई जारी रखने के लिए हौसला बढ़ाया.
सेना में रहकर की देश की सेवा
लाल चंद गोदारा ने ना सिर्फ भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दी, बल्कि कई युद्धों में भी शामिल हुए. सेना से रिटायर होने के बाद उन्होंने काम करना बंद नहीं किया, गोदारा ने हरियाणा ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट में भी नौकरी की. जानकारी के मुताबिक, लाल चंद गोदारा ने 1972 से 2002 तक यार्ड मास्टर के तौर पर भी काम किया. उन्होंने मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया. लाल चंद गोदारा ने स्टेट, नेशनल और इंटरनेशनल लेवल की प्रतियोगिताओं में कई मेडल जीते. अब कुल मिलकार उनके पास 200 मेडल हैं, जिनमें गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज पदक शामिल है.