सोनाली फोगाट केस में जल्द खुलेगा राज! पुलिस ने फोन, लैपटॉप चोरी करने के आरोपी को दबोचा

Sonali Phogat

नई दिल्ली: सोनाली फोगाट हत्याकांड में जल्द ही बड़ा खुलासा हो सकता है। सोनाली की हत्या के बाद उनका फोन और लैपटॉप चुराने वाले आरोपी को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक लैपटॉप और फोन मिला है।

फिलहाल ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद फोन और लैपटॉप सोनाली का ही है या फिर किसी और का। फिलहाल, उससे हरियाणा पुलिस पूछताछ कर रही है। कहा जा रहा है कि आरोपी से गोवा पुलिस भी पूछताछ कर सकती है।

दरअसल, फोगट के परिवार के सदस्यों ने कंप्यूटर ऑपरेटर शिवम पर सोनाली फोगाट के ऑफिस से लैपटॉप, डीवीआर, मोबाइल और अन्य सामान चुराकर भाग जाने का आरोप लगाया था। उधर, हिसार के एसएचओ मनदीप चहल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शिवम से पूछताछ की जा रही है।

मनदीप चहल ने बताया कि आरोपी शिवम यूपी के मेरठ-गाजियाबाद इलाके का रहने वाला है। फोन और लैपटॉप चोरी के आरोपों की शिकायत के बाद उसे तलाशा जा रहा था। वह अक्सर अपना फोन स्विच ऑफ कर देता था। बता दें कि शिवम सोनाली फोगाट के पीए सुधीर सांगवान का बेहद करीबी था और हिसार में सोनाली के फॉर्म हाउस में रहता था।

गोवा पुलिस पहुंची हरियाणा

सोनाली फोगाट केस में जांच के सिलसिले में गोवा की पुलिस हरियाणा पहुंच गई है। हरियाणा के हिसार पहुंचने के बाद गोवा पुलिस के जवान ने बताया कि हम यहां जांच के लिए आए हैं। हम जांच के अनुसार अगल-अलग स्थानों का दौरा करेंगे और जानकारी जुटाएंगे।

उधर, मनदीप चहल ने बताया कि गोवा पुलिस और हरियाणा पुलिस उनके (सोनाली फोगट) फार्महाउस पर जाएगी, फिर हिसार के संत नगर स्थित सोनाली फोगट के आवास पर जाएगी। इसके बाद गोवा पुलिस गुरुग्राम भी जाएगी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ