गुजरात में विसावदर और कडी विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हो रहा है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहा। मतदान के बीच पोलिंग बूथ का सीसीटीवी बंद होने के बाद आम आदमी पार्टी की तरफ से बड़े आरोप लगाए हैं। खुद AAP मुखिया अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग से दखल देने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल इटालिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पिछले एक घंटे से विसावदर में पोलिंग बूथ से CCTV का लाइव फुटेज इलेक्शन कमीशन ने बंद कर दी है। लाइव स्ट्रीमिंग बंद होने के बाद बाघणीया बूथ पर भाजपा के कार्यकर्ता को फर्जी वोट डालने नहीं देने पर प्रिसाइडिंग और पुलिस को मारा गया है। क्या बीजेपी के फायदे के लिए ये नया खेल रचा है ECI ने?
अरविंद केजरीवाल ने पूछा- ये क्या हो रहा है?
इस पर आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने लिखा कि दिनदहाड़े ये क्या हो रहा है? क्या बड़े स्तर पर बूथों पर कब्जा करने की तैयारी है? मैं उम्मीद करता हूं कि केंद्रीय चुनाव आयोग तुरंत एक्शन लेगा।
उपचुनाव पंजाब के पांच विधानसभा क्षेत्रों में गुरुवार को मतदान हुआ। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल, गुजरात और केरल में मतदान हुआ। चुनाव आयोग ने कहा कि गुरुवार को जिन पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए, उनमें से एक को छोड़कर सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की गई। चुनाव आयोग ने कहा कि चार राज्यों में पांच उपचुनावों के लिए कुल 1,354 मतदान केंद्र बनाए गए थे और 1,353 पर वेबकास्टिंग की गई।
इस सप्ताह की शुरुआत में ही चुनाव आयोग ने अब से 100 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग सुनिश्चित करने का निर्णय लिया था। हाल ही में 50 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की गई थी।