वडोदरा में ऑनलाइन न्यूड वीडियो कॉलिंग रैकेट का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लैपटॉप, मोबाइल और कैमरे जब्त किए हैं. आरोपी के खिलाफ BNS, आईटी एक्ट और Immoral Traffic Prevention Act की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
गुजरात के वडोदरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मांजलपुर पुलिस ने एक फ्लैट में चल रहे ऑनलाइन न्यूड वीडियो कॉलिंग के काम का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में फ्लैट के मालिक मनीष कनुभाई पढ़ियार को गिरफ्तार किया है.
मंगलवार को पुलिस को खबर मिली थी कि मांजलपुर इलाके के प्रकृति फ्लैट की तीसरी मंजिल पर कुछ संदिग्ध काम चल रहा है. इसके बाद पुलिस ने फ्लैट पर छापा मारा. वहां ऑनलाइन वीडियो कॉलिंग के जरिए ग्राहकों से पैसे लेने का काम चल रहा था. पुलिस के मुताबिक, मनीष पढ़ियार कुछ जरूरतमंद लड़कियों को पैसे का लालच देकर फ्लैट पर बुलाता था. इसके बाद Stripchat नाम के ऐप पर उनसे ग्राहकों की मांग के हिसाब से अश्लील काम करवाया जाता था. इसके बदले ग्राहकों से पैसे लिए जाते थे. पुलिस का कहना है कि इस पैसे में से मनीष अपना हिस्सा रखता था.
Advertisment
छापेमारी के दौरान पुलिस ने फ्लैट से 3 लैपटॉप, आईफोन-15, ऑनलाइन वीडियो कॉलिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कैमरे और 27 हजार रुपये बरामद किए हैं. पुलिस ने इन सामानों को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने मनीष पढ़ियार के खिलाफ BNS, आईटी एक्ट और Immoral Traffic Prevention Act की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है. फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह काम कब से चल रहा था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस उन लड़कियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, जिन्हें इस काम में लगाया गया था.
पुलिस के मुताबिक, अभी तक ब्लैकमेलिंग या किसी से धोखाधड़ी की शिकायत सामने नहीं आई है. हालांकि, अब इस मामले में इसकी भी जांच की जा रही है. फिलहाल इस मामले में सिर्फ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी सामने आ सकती है.