गुजरात के सूरत में मोबाइल फोन को लेकर एक युवती ने अपनी पिता की हत्या कर दी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 22 साल की एक युवती ने अपने पिता की हत्या इसलिए कर दी, क्योंकि उन्होंने उसका फोन फर्श पर फेंक दिया था. इसके बाद युवती ने प्रेशर कुकर के ढक्कन और चाकू से उन पर हमला कर दिया. पुलिस ने इस मामले में काजल उर्फ विक्रम नाम की युवती को गिरफ्तार कर लिया है.
मामला 31 अक्टूबर की रात करीब 10.30 बजे का है. रमेश सिंह कैलाश सिंह राजपूत घर पर पत्नी मंजुबेन और सबसे छोटी बेटी के साथ थे. तभी किसी बात को लेकर उनका काजल के साथ झगड़ा हो गया. बहस के दौरान रमेश सिंह ने काजल को घर के कामों को लेकर डांटा और उसका मोबाइल फोन छीनकर फर्श पर फेंक दिया.
पिता की इस हरकत से नाराज होकर काजल ने पर प्रेशर कुकर का ढक्कन उठाया और उनके सिर पर कई बार वार किए. इसके बाद उसने चाकू से उनके पेट पर हमला कर दिया. इसमें रमेश सिहं गंभीर रूप से जख्मी हो गए और उनका काफी खून बह गया. जख्मी होने के बाद भी वह घर बाहर भाग गए, लेकिन कुछ दूर चलने के बाद ही वह गिर गए और उनकी मौत हो गई.
आरोपी बेटी गिरफ्तार
इसके बाद परिवार ने एंबुलेंस को कॉल किया, जिसके बाद मेडिकल टीम ने मौके पर पहुंचकर रमेश सिंह को जांचा. लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुके थे. इसके बाद रमेश सिंह की पत्नी ने अपनी बेटी के खिलाफ मर्डर का मामला दर्ज करवाया. शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने काजल को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया. वह अभी न्यायिक हिरासत में है.
पुलिस ने क्या बताया
सूरत पुलिस के एसीपी पार्थ चोवटिया ने बताया कि घठना अमरोली पुलिस स्टेशन क्षेत्र में 31 अक्टूबर की है. एसीपी के मुताबिक, पिता-बेटी में घर के काम को लेकर झगड़ा हुआ था, जिस दौरान उन्होंने अपनी बेटी को डांटा था. जिसके बाद उसने आपा खो दिया, फिर अपने पिता पर हमला कर दिया.
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से जख्मी पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.