News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
Ahmedabad Plane Crash: एअर इंडिया विमान हादसे का एकमात्र जीवित बचे यात्री विश्वास कुमार रमेश को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके साथ ही उनके भाई अजय का शव भी परिवार को सौंप दिया गया है। अहमदाबाद में पिछले हफ्ते हुए भयानक विमान हादसे में एअर इंडिया की फ्लाइट AI 171 क्रैश हो गई थी। इस हादसे में एक प्लेन की 11A नंबर सीट पर बैठे यात्री विश्वास कुमार रमेश जीवित बचे थे। अब विश्वास को मंगलवार देर रात अहमदाबाद सिविल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि विश्वास उस जलते हुए विमान से बाहर निकलने में कामयाब रहे थे और हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती होने वाले दूसरे मरीज थे।
डॉ. जोशी ने कहा कि अस्पताल ने विश्वास के परिवार को उनके घर दीव (केंद्र शासित प्रदेश) पहुंचाने में मदद की पेशकश की थी। इसके साथ ही, एयरलाइन ने विश्वास और उनके परिवार के लिए होटल की व्यवस्था की पेशकश की थी, लेकिन उनके परिवार ने एअर इंडिया की इस पेशकश को ठुकराते हुए बताया कि उन्होंने अपनी व्यवस्था खुद कर ली है।
क्रैश होने वाले विमान की 11-J सीट पर यात्रा कर रहे विश्वास के छोटे भाई अजय की मौत इस हादसे में हो गई थी। मॉर्चरी कॉम्प्लेक्स के अधिकारियों ने बताया कि डीएनए विश्लेषण के जरिए अजय के शव की पहचान की गई। बुधवार तड़के 2:10 बजे उनका शव परिवार को सौंप दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवार अजय के अंतिम संस्कार के लिए अपने घर दीव रवाना हो गया है।
इस दुखद हादसे में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत 241 लोगों की जान चली गई थी। इसके साथ ही घटनास्थल पर भी कई लोगों की जान चली गई थी। इस हादसे में कुछ घायल भी हुए थे। अभी भी राज्य के अलग-अलग अस्पतालों में 19 मरीज अभी भी भर्ती हैं। वहीं, इलाज के दौरान तीन मरीजों की मौत हो चुकी है।
हादसे के बाद दुनियाभर की कई एयरलाइंस ने सुरक्षा जांच के चलते अपनी उड़ानें रद्द कर दीं। कई उड़ानों में बीच रास्ते में तकनीकी खराबी और खराब मौसम की वजह से डरावने अनुभव भी सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा विमानन उद्योग के लिए एक बड़ा झटका है।
ये भी पढ़ें- Explainer: क्या है ‘RAT’? टेकऑफ के समय हो गया था एक्टिव, प्लेन क्रैश में मिला अहम सुराग
न्यूज 24 पर पढ़ें गुजरात, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।