Greater Noida News: NH-9 से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बनेगी 130 मीटर रोड, यीडा ने एनएचएआई को लिखा लेटर

Greater Noida News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बेहतर सड़क संपर्क देने के प्रयास तेज हो गए हैं. यमुना प्राधिकरण (यीडा) अब एनएच-9 (नेशनल हाईवे-9) से एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी के लिए 130 मीटर चौड़ी और लगभग 25 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराने जा रहा है.

Noida road

Greater Noida News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बेहतर सड़क संपर्क देने के प्रयास तेज हो गए हैं. यमुना प्राधिकरण (यीडा) अब एनएच-9 (नेशनल हाईवे-9) से एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी के लिए 130 मीटर चौड़ी और लगभग 25 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराने जा रहा है. इस परियोजना के लिए यीडा जल्द ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को औपचारिक पत्र भेजेगा.

गंगा लिंक एक्सप्रेसवे और खुर्जा-पलवल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी सड़क

यह सड़क यीडा के मास्टर प्लान में शामिल है और अलौदा गांव के पास से शुरू होकर प्रस्तावित खुर्जा-पलवल एक्सप्रेसवे तक पहुंचेगी. इस मार्ग से गंगा लिंक एक्सप्रेसवे को भी जोड़ा जाएगा, जो खुद 130 मीटर चौड़ा है. सेक्टर-21 के पास यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ता है. इन सबके माध्यम से एयरपोर्ट का कार्गो टर्मिनल व औद्योगिक क्षेत्र को सुगम यातायात मार्ग मिल सकेगा.

130 मीटर रोड बनेगी लाइफलाइन

सड़क ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर मास्टर रोड से जोड़ी जाएगी, जो वर्तमान में सिरसा गांव तक बन चुकी है. इस नई सड़क से यीडा क्षेत्र के आवासीय सेक्टर 1, 2, 3, 5 और औद्योगिक सेक्टर 8, 8ए, 8बी, 8सी, 8डी को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. यीडा का मानना है कि यह सड़क भविष्य में शहर की मुख्य परिवहन धुरी (लाइफलाइन) साबित होगी.

कार्गो टर्मिनल के लिए बनेगी विशेष सड़क

यीडा पहले से एयरपोर्ट के कार्गो हब के लिए यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली 8 किलोमीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कर रहा है. यह अस्थायी सड़क आगे चलकर 130 मीटर सड़क में मिल जाएगी. तब तक यीडा ने 5 किलोमीटर की संपर्क सड़क बनाने का निर्णय लिया है ताकि औद्योगिक क्षेत्रों को अंतरिम कनेक्टिविटी मिलती रहे.

1700 करोड़ की अनुमानित लागत

सड़क परियोजना की कुल लागत करीब 1700 करोड़ आंकी गई है, जिसमें से 1400 करोड़ जमीन अधिग्रहण पर और 300 करोड़ निर्माण कार्य पर खर्च होंगे. यीडा के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना एक बड़ी चुनौती है. प्रदेश सरकार से ब्याज मुक्त लोन, गति शक्ति योजना और अन्य केंद्रीय योजनाओं के तहत मदद की उम्मीद जताई जा रही है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ