Delhi Dengue cases: दिल्ली में एक हफ्ते में 412 डेंगू के मामले आए सामने, सितंबर में मिले थे 693 केस

Delhi Dengue Cases

Dengue cases In Delhi: दिल्ली में पिछले एक सप्ताह में डेंगू के कुल 412 मामले सामने आए हैं। यह संख्या पिछले साल 28 सितंबर तक 217 पर दर्ज किए गए आंकड़े से लगभग दोगुनी है।

अधिकारियों ने कहा कि 412 मामलों में से 316 दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के क्षेत्र में, छह नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) क्षेत्र में, 13 दिल्ली छावनी में और एक मामला रेलवे क्षेत्र में दर्ज किया गया था। दक्षिण जिले में सबसे ज्यादा 46 मामले सामने आए।

एमसीडी की ओर से शेयर किए गए आंकड़ों के मुताबिक, इस साल सितंबर में कुल 693 मामले सामने आए। पिछले साल डेंगू के सिर्फ 341 मामले सामने आए थे, जबकि 2020 में यह आंकड़ा 188 था। इस साल अब तक डेंगू के कुल 937 मामले सामने आए हैं।

अगले सप्ताह बढ़ सकते हैं नए केस

निगम के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि संख्या अगले सप्ताह बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन नागरिक निकाय ने इसके तहत आने वाले क्षेत्रों में फॉगिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने कहा, “एमसीडी ने मौजूदा त्योहारी सीजन के दौरान सभी 12 क्षेत्रों में 148 रामलीला मैदानों में फॉगिंग अभियान चलाया है।”

पिछले सप्ताह रिपोर्ट किए गए 412 मामलों के अलावा 140 मामले अन्य राज्यों से थे और 86 मामलों में अस्पताल की ओर से एड्रेस नहीं दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि 8,782 घरों में मच्छर पनपने की पुष्टि हुई है और 4,727 को नोटिस जारी किया गया है। इस बीच, पिछले एक सप्ताह में दिल्ली में मलेरिया के 19 और चिकनगुनिया के तीन मामले सामने आए।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ