दिल्ली पुलिस के आउटर जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने उत्तम नगर इलाके में सक्रिय एक दूध चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो दूध और दही सप्लाई करने वाली गाड़ियों का पीछा कर क्रेट चोरी करते थे.
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में चोरी की घटना दिखाई गई थी. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत आरोपियों की तलाश शुरू की. 3 अप्रैल को सूचना मिली कि मोहित उर्फ पाथा और आयुष मान पांडे उर्फ पंडित शिव विहार के पास अपने साथी से मिलने आ रहे हैं.
---विज्ञापन---
सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. तलाशी में 14 खाली दूध के क्रेट बरामद हुए. जांच में पता चला कि थ्री-व्हीलर चोरी का था.
---विज्ञापन---
आरोपी मोहित उर्फ पाथा रन्होला का निवासी है और उस पर पहले से चोरी, स्नैचिंग और वाहन चोरी के 38 से अधिक मामले दर्ज हैं. वह फरवरी 2026 में ही जेल से बाहर आया था. दूसरा आरोपी आयुष मान पांडे उर्फ पंडित भी रन्होला का रहने वाला है.
पुलिस ने बताया कि चोरी किए गए दूध और दही को बाद में डाबड़ी और बिंदापुर के सप्लाई प्वाइंट्स पर बेचा जाता था. आरोपी अब पुलिस हिरासत में हैं और आगे की जांच जारी है.