दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक छात्र कार्यकर्ता के पिता से मारपीट के मामले में गिरफ्तार हिंदुत्व इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को अंतरिम जमानत मिलने के तीन दिन बाद तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया. शुक्रवार को इसकी जानकारी मिली. बृहस्पतिवार देर रात जेल से बाहर आने के बाद भारद्वाज अपने साथियों के साथ वहां इंतजार कर रही एक कार में सवार होकर निकल गया. इस दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसे तेजी से कार की ओर जाते हुए देखा जा सकता है.

कोर्ट ने तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत दी

दिल्ली की एक अदालत ने 15 सितंबर को स्वतंत्र भारद्वाज को तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत दी थी. अदालत ने कहा था कि इसके दौरान उसके व्यवहार पर नजर रखी जाएगी. इसके बाद उसकी नियमित जमानत की अर्जी पर विचार किया जाएगा. कोर्ट ने जमानत देते हुए भारद्वाज पर कई शर्तें भी लगाई हैं. इनमें सोशल मीडिया या किसी भी मीडिया प्लेटफॉर्म पर मामले, अपने बचाव या शिकायतकर्ता के परिवार से जुड़े किसी भी मुद्दे पर पोस्ट करने या चर्चा करने पर रोक शामिल है.

---विज्ञापन---

4 सितंबर को बुलंदशहर से हिरासत में लिया गया था

भारद्वाज को 4 सितंबर को बुलंदशहर में हिरासत में लिया गया था. इससे कुछ घंटे पहले वह मारपीट के मामले में अपनी गिरफ्तारी की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संसद मार्ग पुलिस थाने के बाहर किए गए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुआ था. पुलिस की यह कार्रवाई भारद्वाज के एक इंटरव्यू के बाद हुई थी. इंटरव्यू में उसने कहा था कि 23 जून के विरोध प्रदर्शन के दौरान उसने छात्रा के पिता का ‘सिर फोड़ दिया था’. उसने यह भी दावा किया था कि अपनी राजनीतिक जान पहचान की वजह से वह गिरफ्तारी से बचा हुआ था.

---विज्ञापन---