---विज्ञापन---

दिल्ली angle-right

‘भविष्य में कंधों पर बड़ी जिम्मेदारियां होंगी’, IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह के मंच से PM मोदी का छात्रों को संदेश

IIT दिल्ली में आज 57वां दीक्षांत समारोह हुआ, जिसके चीफ गेस्ट प्रधानमंत्री मोदी रहे. उन्होंने करीब 3000 स्टूडेंट्स को डिग्री प्रदान की और परम प्रज्ञा सुपर कंप्यूटर को लॉन्च किया. उन्होंने समारोह में मौजूद छात्रों को संबोधित भी किया और उनके भविष्य की तस्वीर उनके सामने पेश की.

---विज्ञापन---

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में शिरकत की. सुबह 11 बजे शुरू हुए समारोह में 587 Ph.D. स्कॉलर्स समेत 3000 से ज्यादा ग्रेजुएट्स को डिग्री प्रदान की गई. वहीं समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘परम प्रज्ञा’ सुपर कंप्यूटर को भी लॉन्च किया. प्रधानमंत्री मोदी ने स्टूडेंट्स को प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल, डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल, शंकर दयाल शर्मा गोल्ड मेडल और परफेक्ट टेन गोल्ड मेडल प्रदान करके उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी.

प्रधानमंत्री मोदी को IIT डायरेक्टर ने सम्मानित किया

समारोह में IIT दिल्ली के डायरेक्टर रंगन बनर्जी, दिल्ली के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (BoG) के अध्यक्ष हरीश साल्वे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी समेत संस्थान का पूरा स्टाफ मौजूद रहा. समारोह में IIT दिल्ली के डायरेक्टर रंगन बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी को उनकी एक फोटो भेंट करके सम्मानित किया. समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई. इससे पहले जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी मंच पर पहुंचे तो हॉल में मौजूद लोगों ने खड़े होकर तालियां बजाकर उनका स्वागत किया.

---विज्ञापन---

PM मोदी की युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं को कई ‘गुरुमंत्र’ दिए. उन्होंने युवाओं को भविष्य की शुभकामनाएं दी और अपनी मेंटल हेल्थ ठीक रखने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि भविष्य में आपके कंधों पर अपने और अपने परिवार के साथ-साथ देश के विकास की जिम्मेदारी भी होगी, जिसके निभाने की क्षमता आप में हैं. मैं और मेरी सरकार युवाओं की हरसंभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी है. आप सभी का भविष्य उज्ज्वल हो और आप सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचे, इसकी कामना करता हूं.

लड़कियों की कम संख्या पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताई चिंता

दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज परिवारवालों को आप पर गर्व महसूस हो रहा होगा, वैसे ही मुझे भी आप सभी पर गर्व महसूस हो रहा है. जिन छात्रों को उनकी उपलब्धियों के लिए मेडल मिले, उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं. लेकिन अगर इनमें कुछ और लड़कियां होतीं तो ज्यादा अच्छा होता. माफ कीजिए, लेकिन सिर्फ एक या दो लड़कियां ही क्यों हैं? और भी होनी चाहिए थीं. मैं बाबा बागेश्वर तो नहीं हूं, लेकिन यकीनन कह सकता हूं कि आपके मन में भविष्य की कल्पना जरूर होगी.

---विज्ञापन---

जिंदगी में सफल होने के लिए सीखते रहने को मूलमंत्र बताया

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज वैश्विक रणनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं. टेक्नोलॉजिकल ग्रोथ के कारण आज वैश्विक शक्ति का संतुलन बदल रहा है. आज कोई नहीं बता सकता कि अगले 20 या 30 साल में दुनिया कैसी होगी. दुनिया, टेक्नोलॉजी, इंडस्ट्री और प्रोफेशन आज से ज्यादा विकसित होंगे. लेकिन जो सीखते रहेंगे, वही उस दुनिया में सफल होंगे. हर पीढ़ी चुनौतियों का सामना करती है और अपनी राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी निभाती है. यही काम आज IIT दिल्ली से निकली रही पीढ़ी को करना है.

विकसित भारत के लिए साइंस और रिसर्च को जरूरी बताया

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आप अपनी जिंदगी के आने वाले 30 से 35 साल में जो भी करेंगे, वह 2047 के ‘विकसित भारत’ की ओर जाने वाली यात्रा को प्रभावित करेगा. इसलिए आपके हर फैसले का आधार यह होना चाहिए कि देश को क्या लाभ होगा? देश की कौन सी आवश्यकताएं पूरी होंगी? प्रधानमंत्री अनुसंधान फैलोशिप प्रतिभाशाली युवाओं को रिसर्च करने के मौके प्रदान कर रही है. नए विचारों को बढ़ावा देने के लिए ‘अनुसंधान, विकास और नवाचार योजना’ भी शुरू की गई है.

---विज्ञापन---

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि देश में साइंस एंड रिसर्च को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन की स्थापना भी की गई है. रिसर्च सेक्टर को 1 लाख करोड़ रुपये तक का फंड उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि देश इस सेक्टर में ग्रोथ करे.

First published on: Aug 08, 2026 12:06 PM

End of Article

About the Author

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन एवं Mphil कोर्स किया है। 13 साल से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री से जुड़ी हूं। वर्तमान में BAG Convergence Limited के माल‍िकाना हक वाले News 24 हिंदी डिजिटल विंग से बतौर चीफ सब एडिटर जुड़ी हूं। चीफ सब एडिटर की भूमिका निभाते हुए यहां की कोर टीम का हिस्सा हूं। नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम, यूटिलिटी, एजुकेशन, फीचर आदि विषयों पर अच्छी पकड़ है। घूमने, खाने और शॉपिंग की शौकीन खुशबू को नए ट्रेंड, नई जगह और ऐडवेंचर की तलाश रहती है।

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola