कनॉट प्लेस में आज रात आने से पहले जरूर पढ़ें ये एडवाइजरी, कहीं फीका न पड़ जाए न्यू ईयर सेलिब्रेशन

Delhi Police Advisory for 31 December Night: दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस को लेकर 31 दिसंबर की रात के लिए एडवाइजरी जारी की है। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे आज एडवाइजरी पढ़कर ही घर से निकलें और कनॉट प्लेस आने का प्लान बनाएं।

Connaught Place Delhi

Connaught Place Delhi

Delhi Police Advisory For 31 December Night: आज साल 2024 का आखिरी दिन है। दिल्ली-NCR में आज लोग अपने-अपने तरीके से साल 2024 को अलविदा कहेंगे और नए साल 2025 का स्वागत करेंगे। सेलिब्रेशन में कोई खलल न पड़े, इसलिए लिए दिल्ली पुलिस ने कमर कस रखी है। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी कर दी है। एक एडवाइजरी दिल्ली के सबसे व्यस्त इलाके कनॉट प्लेस के लिए भी जारी की गई है।

एडवाइजरी के अनुसार, आज कनॉट प्लेस में कारों और अन्य किसी वाहन को एंट्री नहीं मिलेगी। अगर पास होगा तो ही लोग गाड़ी लेकर कनॉट प्लेस में घुस पाएंगे। आज 31 दिसंबर की रात 8 बजे से एक जनवरी सुबह 5 बजे तक कनॉट प्लेस में यह एडवाइजरी लागू रहेगी। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान शराब पीने के बाद गाड़ी चलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने की योजना बनाई गई है। इसी प्लानिंग के तहत दिल्ली पुलिस ने यह एडवाइजरी जारी की है।

2500 स्टिकर दिल्ली पुलिस ने जारी किए

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक एरिया-2) दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि नए साल की पूर्व संध्या को कनॉट प्लेस में किसी भी वाहन को एंट्री नहीं दी जाएगी, सिवाय उन वाहनों के जिन पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी विशेष प्रवेश स्टिकर लगे होंगे। दिल्ली पुलिस ने नाइट क्लबों, रेस्टोरेंट, होटलों को केवल 2500 स्टिकर जारी किए हैं। राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के एग्जिट गेट रात 9 बजे से बंद कर दिए जाएंगे।

शाम 7 बजे के बाद किसी भी बस को कनॉट प्लेस में एंट्री नहीं मिलेगा। जिन्हें स्टीकर दिए गए हैं, वे अपने मेहमानों को एंट्री पास जारी करेंगे, जिन्हें मंगलवार रात 8 बजे से कनॉट प्लेस में एंट्री करते समय दिखाना होगा। स्टिकर दिखाकर ही वाहनों को पार्किंग मिलेगी। इंडिया गेट, कनॉट प्लेस और शहर के कई इलाकों में 50 से अधिक जगहों पर तेज गति से और नशे में वाहन चलाने वालों पर नजर रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने इंतजाम किए हैं।

पुलिस पॉइंट सील करके एंट्री बैन करेगी

अकेले कनॉट प्लेस और इंडिया गेट के आसपास 400 ट्रैफिक कर्मियों को तैनात किया जाएगा। कनॉट प्लेस और इसके कनेक्टिंग रेडियल पर नो-एंट्री प्रतिबंध मंगलवार रात 8 बजे से शुरू हो जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने 12 पॉइंट तैयार किए हैं, जिन्हें वैध एंट्री स्टिकर वाले वाहनों को छोड़कर सभी वाहनों के लिए सील कर दिया जाएगा। इंडिया गेट सर्किल के आसपास 14 ऐसे पॉइंट होंगे और नई दिल्ली जिले में 135 पॉइंट होंगे। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की जांच के लिए एल्कोमीटर के साथ 46 टीमें तैनात रहेंगी। पीछा करने और चालान काटने के लिए 50 टीमें बाइक के साथ तैनात रहेंगी।

अवैध तरीके से पार्क किए गए वाहनों को हटाने के लिए 16 क्रेन तैनात किए जाएंगे। विशेष पास के बिना वाहनों की पार्किंग काली बाड़ी मार्ग पर गोल मार्केट, पंडित पंत मार्ग, भाई वीर सिंह मार्ग, रकाबगंज रोड पर पटेल चौक के पास, कोपरनिकस मार्ग पर मंडी हाउस के पास बड़ौदा हाउस तक, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और प्रेस रोड क्षेत्र में मिंटो रोड के पास, आरके आश्रम मार्ग पर पंचकुइयां रोड के पास, पहाड़गंज की ओर चित्रगुप्त रोड और बसंत रोड, कोपरनिकस लेन पर केजी मार्ग-फिरोजशाह रोड क्रॉसिंग के पास, सी-हेक्सागन की ओर केजी मार्ग और बंगाली मार्केट गोल चक्कर के पास मिलेगी।

स्वाट टीमें और बम निरोधक दस्ते तैनात रहेंगे

दिल्ली पुलिस के अनुसार, लाइव CCTV की निगरानी होगी। 2 डॉक्टर ऑन कॉल, आबकारी विभाग से इंस्पेक्टर, 1000 से अधिक पुलिस, CAPF कर्मचारी और बम निरोधक दस्ते भी तैनात होंगे। नई दिल्ली जिले में 648 से ज़्यादा सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल, 100 होमगार्ड, 30 ACP और इंस्पेक्टर, CAPF की 11 कंपनियां तैनात की जाएंगी। 2 स्वाट टीमें और 2 बम निरोधक दस्ते भी तैनात रहेंगे। कनॉट प्लेस में 47 से ज़्यादा पिकेट लगाए जाएंगे, ताकि सिर्फ़ वैध पास वाले वाहन ही पार्क हो सकें और भीड़भाड़ न हो। 28 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से हर आने-जाने वाले की तलाशी ली जाएगी। साउथ दिल्ली में 27 स्थानों पर ब्रीथ एनालाइजर, PCR वैन और पिकेट प्वाइंट बनाए जाएंगे। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में कम से कम 16 PCR वैन तैनात रहेंगी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
होम पेज पर वापस जाएँ