दिल्ली में खिला कमल, BJP की 48 सीटों पर प्रचंड जीत, AAP को मिलीं 22 सीटें

Delhi Assembly Election 2025 Results: दिल्ली में विधानसभा चुनाव की सियासी सरगर्मियां पर विराम लग गया। अब ये साफ हो गया कि राजधानी में भाजपा की सरकार बनेगी और आप को करारा झटका लगा।

Delhi Assembly Election 2025 Results Live Updates

Delhi Assembly Election 2025 Vote Counting Latest Updates: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना संपन्न हो गई। मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच देखने को मिला। राजधानी में 27 साल बाद भगवा लहराया और भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला। आप को दिल्ली की सत्ता से आउट हो गई। एग्जिट पोल में भी भाजपा की सरकार बनने का अनुमान लगाया गया था। देखें दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से जुड़े पल-पल के लाइव अपडेट्स…

विज्ञापन

 

विज्ञापन

LIVE UPDATES

दिल्ली में खिला कमल, BJP की 48 सीटों पर प्रचंड जीत, AAP को मिलीं 22 सीटें

चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली की कुल 70 सीटों में से 48 सीटों पर भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की। अब भाजपा 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाएगी। आप को 22 सीटों पर जीत मिली।

कालकाजी से विजयी उम्मीदवार आतिशी अपने घर पहुंचीं, समर्थकों ने किया स्वागत

निवर्तमान सीएम और कालकाजी विधानसभा सीट से विजयी उम्मीदवार आतिशी अपने आवास पहुंचीं और उनके समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

भाजपा मुख्यालय पहुंचे PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनका स्वागत किया।

भाजपा मुख्यालय पहुंचे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पार्टी की जीत पर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। दिल्ली में भाजपा सरकार बनाएगी। अभी तक भाजपा ने 41 सीटें जीत ली हैं और 7 सीटों पर आगे चल रही है।

बीजेपी मुख्यालय पहुंचे JP नड्डा

जेपी नड्डा दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय पहुंच गए। प्रधानमंत्री शाम 6 बजे भी पहुंचेंगे। दिल्ली चुनाव में जीत के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं का मनोबल हाई है।

दिल्ली चुनाव में जीत के बाद गुरुद्वारा बंगला साहिब पहुंचे प्रवेश वर्मा

बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा और मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में पूजा-अर्चना की।

watch | BJP leaders Parvesh Verma, Manjinder Singh Sirsa offer prayers at Gurudwara Bangla Sahib in Delhidelhielectionresults pic.twitter.com/VtUKYhqoEn
— ANI (@ANI) February 8, 2025

दिल्ली चुनाव में BJP की जीत पर बंगला साहिब गुरुद्वारा में माथा टेकेंगे प्रवेश वर्मा

दिल्ली चुनाव में जीत हासिल करने के बाद अब बीजेपी विधायक प्रवेश वर्मा और मनजिंदर सिरसा बंगला साहिब गुरुद्वारा जाएंगे। वे 5 बजे गुरुद्वारा जाकर माथा टेकेंगे।

अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर निकले सीएम मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर उनके घर से निकले। दोनों के बीच दिल्ली चुनाव के नतीजे पर बात हुई।

बीजेपी मुख्यालय शाम 6 बजे जाएंगे पीएम मोदी

दिल्ली में बीजेपी की बंपर जीत के बाद पीएम नरेंद्र शाम शाम 6 बजे बीजेपी मुख्यालय जाएंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचीं सीएम आतिशी

दिल्ली चुनाव में आप की हार के बाद सीएम आतिशी अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचीं।

भाजपा ने ग्रेटर कैलाश और शाहदरा सीट जीती

दिल्ली की ग्रेटर कैलाश सीट से बीजेपी की शिखा राय ने आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज को 3129 वोटों से हरा दिया है। वहीं शाहदरा से भाजपा प्रत्याशी संजय गोयल 5000 वोटों से जीत गए हैं।

AAP के 5 बड़े चेहरों की करारी शिकस्त

- अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से हारे
- मनीष सिसोदिया जंगपुरा सीट से हारे
- ग्रेटर कैलाश सीट से सौरभ भारद्वाज हारे
- राजेंद्र नगर सीट से दुर्गेश पाठक हारे
- शकूर बस्ती सीट से सतेंद्र जैन हारे
- सोमनाथ भारती मालवीय नगर सीट से हारे

भाजपा ने यह सीटें जीती

दिल्ली की लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अभय वर्मा करीब 7000 से अधिक मतों से जीत चुके हैं। रिठाला विधानसभा से भाजपा के कुलवंत राणा 29873 मतों से जीते। मालवीय नगर से सोमनाथ भारती हारे और भाजपा के सतीश उपाध्याय ने जीत दर्ज की है। विश्वास नगर से भाजपा के उम्मीदवार ओपी शर्मा जीत गए हैं। गांधीनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी अरविंदर सिंह लवली जीते हैं। पटपड़गंज सीट से भाजपा प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेगी ने जीत दर्ज कर ली है। आम आदमी पार्टी के अवध ओझा हार गए हैं। त्रिलोकपुरी सीट पर बड़ा उलटफेर हुआ है। भाजपा के रविकांत उज्जैन ने जीत दर्ज की है।

आम आदमी पार्टी ने यह सीटें जीती

गोकलपुर से आप के प्रत्याशी चौधरी सुरेंद्र जीत गए हैं। बाबरपुर से आप प्रत्याशी और दिल्ली के मंत्री गोपाल राय भी जीत गए हैं। कोंडली सीट से भाजपा की उम्मीदवार प्रियंका गौतम को कुल 55499 वोट मिले हैं, जबकि आप के कुलदीप कुमार को 61792 मत मिले हैं। सीमापुरी सीट से आप प्रत्याशी वीर सिंह धिंगान जीत गए हैं। वहीं मटियामहल से आप के आले इकबाल करीब 35 हजार वोट से जीत गए हैं। संगम विहार से आप के चंदन चौधरी 322 वोट से जीत गए हैं।

सील किया गया दिल्ली सचिवालय

दिल्ली विधानसभा चुनाव के रुझानों के बीच जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने एक नोटिस जारी करके दिल्ली सचिवालय को सील कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि कोई भी कम्प्यूटर, हार्ड ड्राइव और फाइल वगैरह डिपार्टमेंट की इजाजत के बगैर सचिवालय से बाहर नहीं जाएगी। संबंधित अधिकारी फाइलों, दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक फाइल्स आदि की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

ग्रेटर कैलाश से सौरभ भारद्वाज हारे

ग्रेटर कैलाश से AAP उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज चुनाव हार गए हैं। यहां से भाजपा की शिखा राय ने जीत हासिल की है।

सोमनाथ भारती भी चुनाव हारे

मालवीय नगर विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार सोमनाथ भारती भी चुनाव हार गए हैं।

सत्येंद्र जैन भी शकूर बस्ती से चुनाव हारे

शकूर बस्ती विधानसभा सीट से AAP के सत्येंद्र जैन भी चुनाव हार गए हैं। शालीमार बाग से भाजपा की रेखा गुप्ता 29595 वोटों से चुनाव जीत गई हैं।

आतिशी कालकाजी से चुनाव जीतीं

AAP के अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली और सिसोदिया जंगपुरा सीट से चुनाव हार गए। केजरीवाल को 3182 वोट से हराने वाले भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा अमित शाह से मिलने पहुंचे। सिसोदिया को तरविंदर सिंह मारवाह ने हराया। कालकाजी से आतिशी चुनाव जीत गई हैं। वे इस सीट से दूसरी बार जीती हैं। उन्होंने बीजेपी के रमेश बिधूड़ी को चुनाव हरा दिया है।

अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली से हारे

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के नेशनल कन्वीनर अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा के प्रवेश वर्मा ने हराया है।

मनीष सिसोदिया जंगपुरा से हारे

आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता मनीष सिसोदिया चुनाव हार गए हैं। वे जंगपुरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे, उन्हें भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह ने हराया है। मनीष 675 वोटों से हारे हैं। उन्होंने हार स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने अच्छी लड़ाई लड़ी, हम सभी ने कड़ी मेहनत की। लोगों ने भी हमारा समर्थन किया, लेकिन मैं 600 से ज्यादा वोटों से हार गया। मैं जीतने वाले उम्मीदवार को बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वह क्षेत्र के लिए काम करेंगे।

कोंडली से आम आदमी पार्टी का जीत का दावा

कोंडली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी चुनाव ने जीत का दावा किया है। सूत्रों के अनुसार, 14वें राउंड की गिनती में कुलदीप कुमार 61792 सीटों से आगे चल रहे हैं। भाजपा की प्रियंका गौतम 55499 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

स्वाति मालीवाल ने अपनी सरकार पर कसा तंज

राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने चुनाव परिणामों के रुझान देखकर अपनी ही पार्टी पर तंज कसा है। मतगणना के बीच उन्होंने अपने X हैंडल पर एक फोटो पोस्ट की, जिसमें द्रौपदी चीरहरण हो रहा है।

दिल्ली में भाजपाई जश्न में डूबे

दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की वापसी होने जा रही है। विधानसभा चुनाव के रुझानों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल रहा है। इसके बाद दिल्ली में भाजपा में जश्न शुरू हो गया है। भाजपाई ढोल नगाड़ों, बैंड बाजों के साथ सड़कों पर जश्न मना रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के 3 मंत्री पीछे और आगे

दिल्ली विधानसभा चुनाव के रुझानों में आतिशी कालकाजी सीट से 2800 वोटों से भाजपा के रमेश बिधूड़ी से पीछे चल रही हैं। सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश सीट से 2721 वोटों से भाजपा की शिखा राय से पीछे चल रहे हैं। गोपाल राय बाबरपुर सीट से 20750 वोटों से आगे हैं। यहां भाजपा के अनिल वशिष्ठ दूसरे नंबर पर हैं। इमरान हुसैन बल्लीमारान सीट से 15302 वोटों से आगे चल रहे हैं। भाजपा के कमल बागरी दूसरे नंबर पर हैं। मुकेश अहलावत सुल्तानपुर माजरा सीट से 6872 वोटों से आगे चल रहे हैं। भाजपा के करम सिंह दूसरे नंबर पर हैं। राघवेंद्र शौकीन नांगलोई जाट सीट से 10765 वोट से पीछे चल रहे हैं। भाजपा के मनोज शौकीन यहां आगे हैं।

कालकाजी से बढ़त पर रमेश बिधूड़ी का रिएक्शन

कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की बढ़त पर सीट से पार्टी प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी कहते हैं कि मैं कालकाजी की जनता को धन्यवाद देता हूं। यह बढ़त कालकाजी की जनता की है। पिछले 10 साल में कालकाजी की जनता खून के आंसू रोती रही, क्योंकि विधानसभा क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं हुआ।

अन्ना हजारे का AAP के खराब प्रदर्शन पर रिएक्शन

दिल्ली विधानसभा चुनाव के रुझानों में AAP का प्रदर्शन काफी खराब है। इस पर अन्ना हजारे का रिएक्शन आया है। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ते समय उम्मीदवार को शुद्ध आचरण वाला होना चाहिए। उसके विचार शुद्ध होने चाहिए। जीवन निष्कलंक और त्याग का भाव होना जरूरी है। मैंने कई बार चेताया, लेकिन उनके दिमाग में कुछ नहीं आया और वे शराब को ले आए। शराब यानी धन-दौलत से वास्ता हो गया।

BJP हेडक्वार्टर आएंगे प्रधानमंत्री मोदी

दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। इससे भाजपा में जश्न शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी भी आज शाम 7.45 बजे के क़रीब भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में आएंगे और जीत के जश्न में शामिल होंगे। कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।

बिजवासन सीट से कैलाश गहलोत आगे

बिजवासन में आम आदमी पार्टी को इनकी ही सरकार में मंत्री रहे कैलाश गहलोत झटका दे रहे हैं। वे 4518 वोटों से आगे चल रहे हैं। चुनाव से पहले वे आप छोड़कर भाजपा में चले गए थे और भाजपा ने उन्हें बिजवासन से टिकट देकर चुनावी रण में उतारा था और इस फैसले का फायदा होता नजर आ रहा है।

केजरीवाल फिर से जाएंगे तिहाड़ जेल

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना में भाजपा को बहुमत मिलने के संकेत हैं। इस बीच भाजपा के सांसद योगेंद्र चंदोलिया का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल फिर से तिहाड़ जेल जाएंगे।

केजरीवाल और आतिशी फिर पिछड़े

नई दिल्ली सीट पर अभी तक 6 राउंड की गिनती हो गई है। AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल 300 वोटों से पिछड़ गए हैं। कालकाजी से भाजपा के रमेश बिधूड़ी 2800 वोटों से आगे हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों में भाजपा 42 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। AAP 28 सीटों पर आगे है।

सांसद सुधांशु त्रिवेदी की प्रतिक्रिया

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी कहते हैं कि हम अंतिम नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि अंतिम परिणाम और भी बेहतर और बीजेपी के पक्ष में निर्णायक होंगे। यह दिखाता है कि लोगों को पीएम मोदी के वादों पर भरोसा है। यह हमारे लिए सकारात्मक परिणाम है। दिल्ली के लोग 'प्रयोगात्मक' राजनीति से तंग आ चुके हैं..

संजय राउत का INDIA अलायंस पर तंज

दिल्ली चुनाव के रुझानों में बीजेपी की बढ़त पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत का कहना है कि शुरुआती रुझानों में ही कड़ी प्रतिस्पर्धा दिख रही है। अगर कांग्रेस और आप साथ होते तो नतीजे अलग हो सकते थे। आप और कांग्रेस की राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बीजेपी है। दोनों ने बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने के लिए लड़ाई लड़ी, लेकिन वे अलग-अलग लड़े। अगर वे एक साथ होते तो पहले घंटे (मतगणना के) में बीजेपी की हार पक्की हो गई होती...

मनोज तिवारी का चुनाव नतीजों पर रिएक्शन

भाजपा सांसद मनोज तिवारी का कहना है कि रुझानों में भाजपा काफी आगे है, लेकिन हम नतीजों का इंतजार करेंगे। विश्वास है कि हमारे पास इससे भी बेहतर आंकड़ा होगा। दिल्ली का हर वर्ग AAP से दूर हो गया है। इसे रुझानों में देखा जा सकता है। AAP द्वारा दिखाई गई निष्क्रियता और भ्रष्टाचार ही कारण है कि उन्होंने लोगों का समर्थन खो दिया है...

अलका लांबा की चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया

कालकाजी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा कहती हैं कि जनता दिल्ली के दोषियों को माफ नहीं करेगी। मुझे नहीं पता कि कौन फायदे की स्थिति में है और किसे नुकसान हो रहा है; जिन्होंने दिल्ली को नुकसान पहुंचाया, यह उनका नुकसान है...

5 सीटों पर AAP की बढ़त 1000 से भी कम

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार आम आदमी पार्टी 30 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इनमें से 7 सीटों पर बढ़त 1000 से भी कम है। केजरीवाल भाजपा के प्रवेश वर्मा से सिर्फ 386 वोट से आगे चल रहे हैं। तीमारपुर में AAP 215, मॉडल टाउन में 550, दिल्ली कैंट में 913, मेहरौली में 628 और गांधीनगर 192 वोटों से आगे है।

प्रियंका गांधी का दिल्ली चुनाव पर रिएक्शन

दिल्ली विधानसभा चुनाव मतगणना चल रही है, जिसमें कांग्रेस कहीं नजर नहीं आ रही। पार्टी की स्थिति काफी खराब है। चुनाव के नतीजों पर बोलते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मुझे नहीं पता, मैंने अभी तक नतीजों की जांच नहीं की है।

AAP के तीनों दिग्गज नेताओं की हालत

नई दिल्ली सीट पर 4 राउंड की गिनती पूरी हो गई है। AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल 223 वोटों से प्रवेश वर्मा से आगे हैं। कालकाजी सीट पर भी 4 राउंड की गिनती पूरी हो गई है। भाजपा के रमेश बिधूड़ी 1635 वोटों से आगे चल रहे हैं। जंगपुरा में 3 राउंड की गिनती पूरी हो गई है। AAP उम्मीदवार मनीष सिसोदिया 2686 वोट से आगे चल रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम पीछे

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम और कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक पीछे चल रही हैं। रागिनी नायक वजीरपुर सीट से तीसरे नंबर पर चल रही हैं। यहां AAP के राजेश गुप्ता 3 हजार वोटों से आगे हैं। भाजपा की पूनम शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। दुष्यंत गौतम करोलबाग सीट से 4114 वाेटों से पीछे चल रहे हैं। यहां AAP के विशेष रवि आगे हैं। कांग्रेस के राहुल कुमार तीसरे नंबर पर चल रहे हैं।

रुझानों में बन रही भाजपा की सरकार!

मतगणना के रुझानों में दिल्ली में भाजपा की सरकार बनती नजर आ रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार भाजपा ने अब तक 43 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। AAP को झटकों पर झटके लग रहे हैं। पार्टी 27 सीटों पर आगे हैं। नजफगढ़ से भाजपा 4383 वोटों से आगे है। मटियाला सीट से भाजपा 2862 वोटों से आगे है। उत्तमनगर से भाजपा 2223 वोटों से आगे हैं। द्वारका सीट से भाजपा 1257 वोटों से आगे हैं। बिजवासन सीट और पालम सीट पर भी भाजपा आगे है। पटेलनगर में बीजेपी के राजकुमार आनंद आगे हैं। ओखला सीट से लगातार भाजपा आगे है्र। पहले राउंड की गिनती पूरी हो गई है।

आतिशी और अलका लांबा सेंटर पर पहुंचीं

दिल्ली की सीएम आतिशी और कांग्रेस नेता अलका लांबा, जो कालाकाजी सीट से एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं, महारानी बाग मतगणना केंद्र पर मौजूद हैं। AAP नेता और दिल्ली की सीएम आतिशी और कांग्रेस की अलका लांबा यहां बीजेपी के रमेश बिधूड़ी से पीछे चल रही हैं।

भाजपा सांसद का 50 प्रतिशत से ज्यादा सीटों का दावा

भाजपा सांसद अतुल गर्ग ने 50% से ज्यादा वोट मिलने का दावा किया है।

EVM काउंटिंग में 10 बजे तक के रुझान

नई दिल्ली सीट पर अरविंद केजरीवाल ने वापसी की है। वे 254 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। जंगपुरा सीट पर भी उलटफेर हुआ है। AAP के मनीष सिसोदिया 2 राउंड की काउंटिंग के बाद 1800 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। आतिशी अभी भी पीछे चल रही हैं। ग्रेटर कैलाश से AAP के सौरभ भारद्वाज पीछे चल रहे हैं। भाजपा की शिखा राय आगे हैं। मटियाला सीट से भाजपा के संदीप सहरावत आगे हैं। कोंडली सीट से भाजपा की उम्मीदवार प्रियंका गौतम आगे हैं। मादीपुर सीट से भाजपा के कैलाश गंगवाल आगे हैं। AAP की उम्मीदवार राखी बिड़ला पीछे हैं।

नई दिल्ली में भाजपा के प्रवेश वर्मा आगे

नई दिल्ली सीट पर अब तक 4943 वोटों की गिनती हुई है। केजरीवाल को 2198, प्रवेश वर्मा को 2272 और संदीप दीक्षित को 404 वोट मिले हैं। भाजपा 74 वोटों से आगे है। AAP नेता संजय सिंह, अरविंद केजरीवाल के घर पहुंच गए हैं। रोहिणी विधानसभा सीट पर पहले राउंड की गिनती में AAP के प्रदीप मित्तल को 3235, बीजेपी के विजेंद्र गुप्ता को 3187 और कांग्रेस के सुमेश को 177 वोट मिल चुके हैं।

दिल्ली दंगों का आरोपी मुस्तफाबाद से 5वें नंबर पर

साल 2020 में दिल्ली में भड़के दंगों का आरोपी ताहिर हुसैन मुस्तफाबाद सीट से उम्मीदवार है और 5वें नंबर पर चल रहा है। वह ओवैसी की पार्टी AIMIM के टिकट पर चुनाव लड़ रहा है। यहां से भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट 5700 वोटों से आगे चल रहे हैं। दूसरे और तीसरे नंबर पर AAP-कांग्रेस के कैंडिडेट हैं।

रिजल्ट के बीच सोनिया के घर पहुंचे राहुल गांधी

दिल्ली चुनाव परिणाम के बीच राहुल गांधी तुरंत प्रभाव से सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पहुंचे। दिल्ली चुनाव के रुझानों में पार्टी 3 सीटों पर आगे चल रही है।

दिल्ली चुनाव परिणाम पर उमर अब्दुल्ला का ट्वीट

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के रुझान देखकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उमर ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया और कैप्शन में लिखा, और लड़ो आपस में...

दिल्ली की इन सीटों पर BJP-AAP आगे

  • पटेल नगर-  बीजेपी- राज कुमार आनंद
  • मोती नगर- बीजेपी- हरीश खुराना
  • मादीपुर- AAP- राखी बिड़ला
  • नांगलोई जाट- बीजेपी- मनोज कुमार शौकीन
  • राजौरी गार्डन- बीजेपी- मनजिंदर सिंह सिरसा
  • हरि नगर- बीजेपी- श्याम शर्मा
  • तिलक नगर- AAP- जरनैल सिंह
  • जनक पुरी- बीजेपी- आशीष सूद
  • विकास पुरी- AAP- महेंद्र यादव
  • उत्तम नगर- बीजेपी- पवन शर्मा
  • द्वारका- बीजेपी- प्रद्युम्न सिंह राजपूत
  • मटियाला- AAP- आले मोहम्मद इकबाल
  • नजफगढ़- बीजेपी- नीलम पहलवान
  • बिजवासन- बीजेपी- कैलाश गहलोत
  • पालम- AAP- जोगिंदर सोलंकी
  • दिल्ली कैंट- बीजेपी- भुवन तंवर
  • चुनाव आयोग के रुझानों में भाजपा आगे

    चुनाव आयोग के रुझानों में भाजपा आगे चल रही है। आप के गोपाल राय बदरपुर सीट से आगे चल रहे हैं। इलेक्शन कमीशन ने सुबह 9 बजकर 42 मिनट तक 46 सीटों के नतीजे दिए। इनमें भाजपा 32 और आप 14 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

    ओखला में भाजपा ने बनाई बढ़त

    ओखला सीट से बीजेपी के मनीष चौधरी 8 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। जनकपुरी से बीजेपी के आशीष सूद आगे हैं। पटपड़गंज सीट से AAP के अवध ओझा पीछे चल रहे हैं। राजेंद्र नगर से AAP के दुर्गेश पाठक ने बढ़त बनाई हुई है। रुझानों में बीजेपी 31 सीटों पर आगे है। AAP 37 सीटों पर बढ़त बनाए है।

    केजरीवाल 1500 वोटों से पीछे चल रहे

    शुरुआती रुझानों में अरविंद केजरीवाल पिछड़ रहे हैं। वे 1500 वोटों से पीछे चल रहे हैं। भाजपा इस समय 34 सीटों पर आगे है। AAP ने 31 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। एक सीट पर कांग्रेस आगे है। करावल नगर से भाजपा के कपिल मिश्रा की लगातार बढ़त देखने को मिल रही है। बादली से कांग्रेस के देवेंद्र यादव आगे चल रहे हैं। रोहिणी से बिजेंद्र गुप्ता लगातार आगे हैं।

    कालकाजी से रमेश बिधूड़ी आगे

    करोल बाग सीट पर भाजपा कैंडिडेट दुष्यंत गौतम आगे चल रहे हैं। सीलमपुर से AAP उम्मीदवार जुबैर अहमद ने बढ़त बनाई हुई है। जनकपुरी से आप के प्रत्याशी प्रवीण कुमार आगे हैं। कालकाजी सीट पर पहले राउंड में बीजेपी उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी 673 वोटों से आगे हैं। ग्रेटर कैलाश से सौरभ भारद्वाज लगातार आगे हैं।

    ईवीएम की काउंटिंग में इस तरह के रुझान

    जनकपुरी से AAP उम्मीदवार प्रवीण कुमार, करावल नगर से बीजेपी के कपिल मिश्रा आगे हैं। किराड़ी से AAP के अनिल झा आगे हैं। नई दिल्ली से प्रवेश वर्मा लगातार आगे चल रहे हैं। चांदनी चौक से बीजेपी के सतीश जैन आगे चल रहे हैं। दिल्ली कैंट से बीजेपी के भुवन तंवर आगे चल रहे हैं। सीलमपुर से AAP के जुबैर अहमद आगे चल रहे हैं। तिलक नगर से AAP से जरनैल सिंह आगे हैं। बिजवासन से कैलाश गहलोत आगे चल रहे हैं।

    LJP के उम्मीदवार देवली में पिछड़े

    तिमारपुर सीट से आप के सुरेंद्र पाल आगे हैं। विश्वासनगर से बीजेपी के ओमप्रकाश शर्मा आगे हैं। मालवीयनगर से बीजेपी के सतीश उपाध्याय आगे हैं। बाबरपुर से गोपाल राय आगे हैं। चांदनी चौक से बीजेपी के सतीश जैन आगे हैं। देवली से एलजेपी (रामविलास) के उम्मीदवार दीपक तंवर पीछे चल रहे हैं।

    रिठाला से भाजपा के कुलवंत राणा आगे, बल्लीमारान से आप के इमरान हुसैन आगे चल रहे हैं। ओखला से भाजपा के मनीष चौधरी ने बढ़त बनाई। नजफगढ़ से भाजपा की नीलम पहलवान आगे चल रही हैं। सदर बाजार से मनोज कुमार आगे और बुराड़ी संजीव झा आगे चल रहे हैं। मालवीय नगर से भाजपा के सतीश उपाध्याय आगे चल रहे हैं। ग्रेटर कैलाश सीट से सौरभ भारद्वाज पीछे हो गए हैं।

    पोस्टल बैलेट में इस तरह चल रहे रुझान

    पोस्टल बैलेट की गिनती में करावल नगर सीट से भाजपा के कपिल शर्मा आगे हैं। बिजवासन सीट से भाजपा के कैलाश गहलोत आगे चल रहे हैं। बदरपुर सीट से भाजपा के नारायण दत्त शर्मा आगे, रोहिणी से भाजपा के बिजेंद्र गुप्ता, चांदनी चौक से भाजपा के सतीश जैन, दिल्ली कैंट से भुवन तंवर आगे चल रहे हैं। मोती नगर से भाजपा के सतीश खुराना आगे है। शकूर बस्ती से AAP के प्रत्याशी सत्येंद्र जैन आगे। राजौरी गार्डन से भाजपा के मनजिंदर सिंह सिरसा आगे चल रहे हैं। ग्रेटर कैलाश से सौरभ भारद्वाज आगे चल रहे हैं। ओखला से अमानतुल्लाह खान आगे हैं। सुल्तानपुर माजरा से मुकेश अहलावत आगे हैं।

    आम आदमी पार्टी के तीनों बड़े नेता पिछड़े

    पोस्टल बैलेट की गिनती में आम आदमी पार्टी के तीनों बड़े नेता पीछे चल रहे हैं। नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल, कालकाजी सीट से आतिशी और जंगपुरा सीट से मनीष सिसोदिया पिछड़ रहे हैं। वहीं ग्रेटर कैलाश से सौरभ भारद्वाज और रमेश बिधूड़ी आगे चल रहे हैं। पटपड़गंज सीट से अवध ओझा भी पीछे चल रहे हैं।

    दिल्ली विधानसभा चुनाव की काउंटिंग शुरू

    दिल्ली विधानसभा चुनाव की काउंटिंग शुरू हो गई है। पोस्टल बैलेट की गिनती चल रही है। इसके बाद EVM खोली जाएंगी और 9 बजे से रुझान आने लगेंगे। दिल्ली में 70 सीटों पर चुनाव हुए हैं। 699 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। AAP और कांग्रेस सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। एक सीट जदयू और एक सीट LJP (R) को मिली है।

    आतिशी का अच्छाई की जीत का दावा

    दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और कालकाजी से AAP उम्मीदवार आतिशी का कहना है कि यह कोई सामान्य चुनाव नहीं था, बल्कि अच्छाई और बुराई के बीच की लड़ाई थी। मुझे पूरा भरोसा है कि दिल्ली की जनता अच्छाई, AAP और अरविंद केजरीवाल के साथ खड़ी होगी। आम आदमी पार्टी एक बार फिर दिल्ली में सरकार बनाएगी और केजरीवाल चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे।

    हरीश खुराना का 50 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा

    मोती नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार हरीश खुराना कहते हैं कि जिस तरह से हमें लोगों से प्रतिक्रिया मिल रही है, न केवल मोतीनगर में बल्कि पूरी दिल्ली में भाजपा 50 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। लोगों को मुद्दों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन उनके सवालों का जवाब देने की बजाय अरविंद केजरीवाल और उनका गिरोह आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में लगा रहा। उनकी कोशिशें विफल हो गई हैं। आज भाजपा 27 साल बाद वापस लौटेगी।

    सौरभ भारद्वाज का AAP सरकार बनने का दावा

    ग्रेटर कैलाश सीट से AAP उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि आप को सरकार से हटाने की हर कोशिश की गई, लेकिन जनता का आशीर्वाद आप के साथ है। मेरा मानना ​​है कि जनता चौथी बार अरविंद केजरीवाल को सीएम बनाने जा रही है। कुछ ही दिनों में वह सीएम पद की शपथ लेंगे। हमें अलग-अलग इलाकों से जानकारी मिल रही है कि आप को भारी बहुमत मिलेगा और सरकार बनाएगी। आप को कम से कम 40-45 सीटें मिलेंगी।

    पिछले 3 चुनाव के मुकाबले इस बार कम वोटिंग

    दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार पिछले 3 चुनाव के मुकाबले कम वोटिंग हुई है। इस बार 60.54% लोगों ने मतदान किया। साल 2013 में 65.63%, साल 2015 में 67.12% और साल 2020 में 62.59% वोटिंग हुई थी। साल 2013 में कांग्रेस के समर्थन से AAP ने पहली बार सरकार बनाई थी। साल 2015 और 2020 में AAP ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी।

    2013 से आम आदमी पार्टी की सरकार

    दिल्ली में साल 2013 से आम आदमी पार्टी की सरकार है। साल 2013 में आम आदमी पार्टी ने 28 सीटें जीती थी। भाजपा को 31 और कांग्रेस को 8 सीटें मिली थीं। किसी को बहुमत नहीं मिला तो आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई। अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने, लेकिन लोकपाल बिल पास नहीं होने से 49 दिन बाद केजरीवाल को पद छोड़ना पड़ा।

    इसके बाद साल 2015 में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिला। 70 में से 62 सीटें पार्टी ने जीती। केजरीवाल दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। साल 2020 में आम आदमी पार्टी ने फिर 70 में से 62 सीटें जीतकर सरकार बनाई। केजरीवाल तीसरी बार CM बने, लेकिन शराब घोटाले में उन्हें जेल जाना पड़ा और जेल से बाहर आने के बाद उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा। वे 4 साल 7 महीने 6 दिन CM रहे। उनके पद छोड़ने के बाद आतिशी CM बनीं। वह 4 महीने 19 दिन (8 फरवरी तक) से CM हैं।

    भाजपा की पिछली सरकार 1993 में बनी थी

    दिल्ली में भाजपा की सरकार पिछली बार साल 1993 में बनी थी। उस साल भाजपा ने 49 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी और 5 साल के कार्यकाल में 3 मुख्यमंत्री बदले थे। पहले मदनलाल खुराना, फिर साहिब सिंह वर्मा और उसके बाद सुषमा स्वराज मुख्यमंत्री बनी थीं। वहीं 2025 का चुनाव आज भाजपा जीत जाती है तो वह 27 साल बाद सत्ता में वापसी करेगी।

    नई दिल्ली सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला

    नई दिल्ली विधानसभा सीट सबसे खास है, क्याेंकि इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है। इस सीट से आम आदमी पार्टी की टिकट पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने 2 पूर्व CM के बेटे हैं। भाजपा ने प्रवेश वर्मा को टिकट दिया है। कांग्रेस ने संदीप दीक्षित पर दांव लगाया है।

    दिल्ली की हॉट सीटों पर सभी की नजर

    दिल्ली विधानसभा की हॉट सीटों पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं। इनमें नई दिल्ली, कालकाजी, जंगपुरा खास हैं, क्योंकि इन सीटों पर आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों के उम्मीदवारों की साख दांव पर लगी है। नई दिल्ली से अरविंद केजरीवाल, कालकाजी से आतिशी और जंगपुरा से मनीष सिसोदिया चुनाव लड़ रहे हैं।

    एग्जिट पोल में भाजपा की सरकार बनने का अनुमान

    5 फरवरी को वोटिंग के बाद देरशाम 14 एग्जिट पोल आए, जिनमें से 12 एग्जिट पोल के अनुमान भाजपा और 2 एग्जिट पोल के अनुमान आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का अनुमान लगा रहे हैं।

    इन इलाकों में बनाए गए हैं काउंटिंग सेंटर्स

    दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एलिस वाज ने बताया कि शाहदरा, मध्य दिल्ली, पूर्व, दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम जिलों में से प्रत्येक में एक काउंटिंग सेंटर बनाया गया है। उत्तर, पश्चिम, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व जिलों में से प्रत्येक में 2 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। नई दिल्ली और उत्तर-पश्चिम जिलों में 3-3 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। मतगणना पर्यवेक्षकों, मतगणना सहायकों, माइक्रो-ऑब्जर्वर और सहायक कर्मचारियों समेत कुल 5000 कर्मियों को तैनात किया गया है।

    काउंटिंग के लिए बनाए गए 19 सेंटर

    दिल्ली विधानसभा चुनाव मतगणना के लिए 19 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) एलिस वाज ने कहा कि काउंटिंग की मॉनिटरिंग करने के लिए 5 हजार लोगों की टीम तैनात की गई है। पारदर्शी और सटीक काउंटिंग प्रोसेस के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 5 वोटर VVPAT (वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल्स ) का रेंडम सिलेक्शन किया जाएगा। सभी 19 मतगणना केंद्रों के लिए 3 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें प्रत्येक केंद्र पर 2 अर्धसैनिक बलों की कंपनियां शामिल हैं।

    एग्जिट पोल के पूर्वानुमान में भाजपा की सरकार

    70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा के नए सदस्य चुनने के लिए मतदान 5 फरवरी दिन बुधवार को हुआ था। 60.42% मतदान हुआ। सबसे ज्यादा मतदान नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में 66.25% और सबसे कम मतदान साउथ-ईस्ट में 56.16% हुआ है।

    न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

    First published on:

    और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

    लेख समाप्त

    लेखक के बारे में

    Khushbu Goyal

    Khushbu Goyal

    खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
    ... और पढ़ें
    विज्ञापन
    होम पेज पर वापस जाएँ