Rain In Delhi: दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में 24 अक्टूबर की देर रात बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलीं, जिससे मौसम में बदलाव आया. राष्ट्रीय राजधानी और नोएडा के कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी खबर है, जबकि गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश हुई. इस बदलाव से गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिली है. इससे एयर क्वालिटी में भी सुधार होने की उम्मीद है.
बारिश से तापमान गिरा
दिल्ली और आसपास के शहरों में काफी वक्त से मौसम हल्का गर्म बना हुआ था, जिसके बाद अचानक ये बदलाव आया. हरियाणा के कुछ हिस्सों, जैसे हिसार में भी बारिश और ओले गिरने की सूचना है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 अक्टूबर के आसपास दिल्ली और कई पड़ोसी इलाकों में आंधी और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जताया था. हालांकि, विभाग के 7 दिनों के पूर्वानुमान के मुताबिक, वीकेंड के बाद मौसम खास तौर से ड्राई रहने की संभावना है. आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 191 दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह 230 था. हालांकि बारिश से हवा में मौजूद धूल कुछ समय के लिए कम हो सकती है.
अगले 7 दिनों के लिए दिल्ली के मौसम का पूर्वानुमान
IMD के नई दिल्ली-सफदरजंग पूर्वानुमान के मुताबिक दिन का तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा.
25 अक्टूबर, रविवार: आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे; 18-32 डिग्री सेल्सियस.
26 अक्टूबर, सोमवार: आसमान साफ रहेगा; 17-32 डिग्री सेल्सियस.
27 अक्टूबर, मंगलवार: आसमान साफ रहेगा; 17-31 डिग्री सेल्सियस.
28 अक्टूबर, बुधवार: आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे; 17-31 डिग्री सेल्सियस.
29 अक्टूबर, गुरुवार: आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे; 19-32 डिग्री सेल्सियस.
30 अक्टूबर, शुक्रवार: आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे; 20-32 डिग्री सेल्सियस.
देश के कई हिस्सों में बारिश की संभावनाएं
दिल्ली-NCR में ये बारिश देश के कई हिस्सों में चल रहे अस्थिर मौसम के दौर के बीच हुई है. आने वाले दिनों में उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश, आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं. कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. लोगों को सलाह दी जाती है कि घर से बाहर निकलने या किसी दूसरे शहर में ट्रैवल करने से पहले मौसम का अप्डेट लेना न भूलें.