Kanwar Yatra 2026 Traffic Advisory: आगामी कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. इस साल कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगी, जब श्रद्धालु श्रावण शिवरात्रि पर जलाभिषेक करेंगे. ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है. अधिकारियों के अनुसार एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार बहुत तेज होती है, जिसके चलते यह रास्ता पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित नहीं है. इस निर्णय का उद्देश्य कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
तय रास्तों का करना होगा इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा केवल तय किए गए रास्तों से ही पूरी करें. दिल्ली से होकर हरियाणा और राजस्थान जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए कई मार्ग तय किए गए हैं. इनमें अप्सरा बॉर्डर से शाहदरा फ्लाईओवर, सीलमपुर टी-पॉइंट और आईएसबीटी फ्लाईओवर शामिल हैं. इसके अलावा भोपुरा बॉर्डर से वजीराबाद रोड, लोनी गोलचक्कर फ्लाईओवर, गोकुलपुरी टी-पॉइंट और 66 फुटा रोड से सीलमपुर टी-पॉइंट वाले रास्तों का इस्तेमाल भी कांवड़िये आसानी से कर सकेंगे.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोनी बॉर्डर, सोनिया विहार पुश्ता रोड, खजूरी फ्लाईओवर और इंदिरापुरम नाला रोड-गाजीपुर बॉर्डर से न्यू अशोक नगर वाले रास्तों को भी कांवड़ यात्रा के लिए तय किया गया है. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है. सभी मुख्य मोड़ों और बॉर्डर पॉइंट्स पर पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि कांवड़ यात्रियों और सामान्य चालकों दोनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे.