---विज्ञापन---

दिल्ली angle-right

अचानक चक्कर आया और बेहोश होकर गिर गईं कांग्रेस और TMC सांसद, कौन हैं मिताली बाग-संजना जाटव?

INDIA Alliance March: दिल्ली में आज इंडिया गठबंधन के मार्च के दौरान 2 महिला सांसद बेहोश हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संसद से चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकाला जा रहा था, लेकिन प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने दल-बल का प्रयोग किया, इस दौरान दोनों सांसद चक्कर खाकर गिर गईं।

---विज्ञापन---

INDIA Alliance March Update: INDIA गठबंधन के करीब 300 सांसदों ने आज नई दिल्ली में संसद भवन के मकर द्वार से चुनाव आयोग (ECI) के दफ्तर तक विरोध मार्च निकाला, जिसे रोकने के लिए पुलिस ने दल-बल का प्रयोग किया। इस दौरान कांग्रेस सांसद संजना जाटव और तृणमूल कांग्रेस की सांसद मिताली बाग चक्कर खाकर गिर गईं और बेहोश हो गईं। दोनों महिला सांसदों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य सांसदों ने दोनों को संभाला और अस्पताल पहुंचाया।

कौन हैं सांसद मिताली बाग?

बता दें कि मिताली बाग अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सदस्य हैं और पश्चिम बंगाल की आरामबाग लोकसभा सीट से 18वीं लोकसभा की सांसद हैं। मिताली ने लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार अरूप कांति दिगर को 6399 वोटों के अंतर से हराया था। मिताली को 712587 वोट मिले थे और अरूप कांति दिगर को 706188 वोट मिले थे। मिताली ICDS (एकीकृत बाल विकास सेवा) वर्कर हैं और तृणमूल कांग्रेस की जिला परिषद सदस्य भी रही हैं।

---विज्ञापन---

कौन हैं सांसद संजना जाटव?

बता दें कि संजना जाटव कांग्रेस सदस्य हैं और राजस्थान की भरतपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं। संजना 26 साल की उम्र में लोकसभा चुनाव जीतने वाली देश की सबसे कम उम्र की महिला सांसद हैं। संजना प्रियंका गांधी के अभियान ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ से जुड़ी थीं। साल 2023 में संजना ने अलवर की कठूमर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा।

उन्हें 4 बार के विधायक बाबूलाल बैरवा का टिकट काटकर उम्मीदवार बनाया गया था, लेकिन BJP के रमेश खींची ने मात्र 409 वोटों से उन्हें हरा दिया था। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भरतपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया था और उन्होंने BJP के रामस्वरूप कोली को 53539 वोटों से हराया था।

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: INDIA Alliance March: विपक्ष के मार्च को पुलिस ने रोका, प्रियंका और राहुल गांधी समेत कई सांसद हिरासत में

क्यों निकाला गया था मार्च?

बता दें कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में आज इंडिया गठबंधन ने बिहार में SIR के विरोध में मार्च निकाला। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का आरोप है कि चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी (BJP) मिलकर वोटर लिस्ट में हेरफेर कर रहे हैं। अल्पसंख्यकों, दलितों और विपक्षी समर्थकों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट में हेरफेर को लोकतंत्र पर हमला और एक व्यक्ति, एक वोट के सिद्धांत का उल्लंघन बताया।

---विज्ञापन---

चुनाव आयोग और BJP का विरोध करते हुए इंडिया गठबंधन का मार्च आज सुबह 11:30 बजे संसद भवन के मकर द्वार से शुरू हुआ और ट्रांसपोर्ट भवन के रास्ते चुनाव आयोग के दफ्तर की ओर बढ़ा, लेकिन दिल्ली पुलिस ने मार्च को यह कहते हुए संसद के बाहर रोक दिया कि इंडिया गठबंधन ने मार्च के लिए औपचारिक अनुमति नहीं ली थी। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, संजय राउत समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया।

First published on: Aug 11, 2025 02:03 PM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola