Arif Khan
आरिफ खान मंसूरी को डिजिटल मीडिया में करीब 15 वर्षों का अनुभव है . वर्तमान में न्यूज24 की डिजिटल विंग में कार्यरत हैं. इससे पहले देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं.
Read More---विज्ञापन---
दिल्ली जल बोर्ड घोटाले में दिल्ली की एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र जैन समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सत्येंद्र जैन के अलावा दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO उदित प्रकाश राय (IAS), दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व कॉन्ट्रैक्टुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, नागेंद्र यादव, राजा कुमार कुर्रा और पंकज वर्मा को गिरफ्तार किया गया है.
बता दें, दिल्ली जल बोर्ड में घोटाले को लेकर 11 मई, 2024 को मामला दर्ज किया गया था. DJB के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट को बेहतर और अपग्रेड करने की प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी, टेंडर की शर्तों में हेरफेर और आपराधिक साजिश के आरोपों पर डायरेक्टरेट ऑफ विजिलेंस ने शिकायत दर्ज करवाई गई थी.
ACB का कहना है कि जांच में पाया गया कि टेंडर प्रक्रिया में कथित तौर पर ऐसी तकनीकी शर्तें और नियम शामिल थे जो एक खास टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर, यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के पक्ष में थे. इससे कॉम्पिटिशन कम हुआ और प्राइवेट कंपनी को अनुचित फायदा मिला.
एजेंसी का आरोप है कि प्रस्तावित पायलट स्टडी नहीं की गई, जबकि टेंडर में इस्तेमाल होने वाली टेक्नोलॉजी और मीडिया से जुड़ी पाबंदी वाली शर्तें शामिल की गईं. बयान में यह भी कहा गया है कि साफ किए गए अपशिष्ट जल से जुड़े जरूरी पैरामीटर हटा दिए गए और तकनीकी स्पेसिफिकेशन बदल दिए गए, जिससे सरकारी खजाने पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा.
जांच में यह भी पता चला कि टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर करने के लिए प्राइवेट लोगों, सरकारी कर्मचारियों और बिचौलियों के बीच लगातार बातचीत होती थी. ACB ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की जांच से पता चला कि टेंडर की शर्तें, सुधार और अन्य दस्तावेजों का आदान-प्रदान हुआ था, जिन्हें बाद में DJB के टेंडर नोटिस में शामिल कर लिया गया.
सत्येन्द्र जैन की गिरफ्तारी पर अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘सत्येन्द्र जैन को एक बार फिर भाजपा ने गिरफ्तार करवा दिया है. अभी कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है. पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा.

साथ ही उन्होंने लिखा है, ‘आखिर कब तक बीजेपी की ये तानाशाही चलती रहेगी? जिसे मन करता है, झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल देते हैं. इनका झूठ एक बार फिर देश के सामने आएगा, लेकिन जेल में बिताए उस वक्त और मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा? भाजपा के पाप का घड़ा अब भर चुका है. ये चाहे जितनी तानाशाही कर लें, अब मोदी सरकार का अंत तय है. पूरी आम आदमी पार्टी और देश की जनता सत्येन्द्र जैन जी के साथ मज़बूती से खड़ी है.
न्यूज 24 पर पढ़ें दिल्ली, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।