DUSU Election Result 2026: देश के सबसे बड़े स्टूडेंट इलेक्शन दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव (DUSU) के परिणाम आज घोषित किए जाएंगे. मतगणना जारी है और अध्यक्ष पद के लिए कांटे की टक्कर चल रही है. 12 बजे आए तीसरे रुझान के अनुसार छठे राउंड के बाद अध्यक्ष और सचिव पद पर ABVP उम्मीदवार आगे हैं. उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पदों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे हैं. वहीं NSUI के उम्मीदवार चारों पदों पर वोटों के मामले में काफी पीछे हैं. छठे राउंड में अध्यक्ष पद के लिए यश डबास (ABVP) 7346 वोटों से लीड कर रहे हैं और उन्हें 586 वोटों की बढ़त मिल गई है. विजय शंकर मीणा (NSUI) 6760 वोट के साथ दूसरे नंबर पर और अनन्या रतूड़ी (लेफ्ट) 1445 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर हैं.

11 बजे आए दूसरे रुझान के अनुसार, 3 राउंड की काउंटिंग के बाद NSUI के विजय शंकर मीणा आगे चल रहे हैं. विजय शंकर मीणा 2712 वोटों से आगे हो गए हैं. ABVP के यश डबास 2448 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं. उपाध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन 3256 वोटों के साथ आगे हैं. ABVP के ईशू मौर्य 1884 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि NSUI के वीर चतरथ पीछे हैं.

---विज्ञापन---

10 बजे पहला रुझान आया, जिसके अनुसार सभी पदों पर ABVP आगे चल रही है. पहले रुझान में अध्यक्ष पद के लिए ABVP के यश डबास को 1305, NSUI के मीना को 1191 और लेफ्ट की अनन्या को 288 वोट मिले हैं. उपाध्यक्ष पद के लिए ईशू मौर्य (ABVP) 865, वीर चतरथ (NSUI) 242 और निर्दलीय दीपांशु शौकीन 1391 वोटों के साथ लीड कर रहे हैं. सचिव पद के लिए रिया छावड़ी (ABVP) 909, नम्रता चौधरी (NSUI) 450 वोटों से लीड कर रहे हैं. संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्य राज सिंह (ABVP) 938, गोपाल चौधरी (NSUI) 698, विशेष यादव 996 वोट से आगे हैं.

बता दें कि सुबह ठीक 8 बजे खेल स्टेडियम के मल्टीपर्पज हाल में मतगणना शुरू हुई है, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है. मतगणना 4 से 5 घंटे में पूरी हो जाएगी और दोपहर 12 बजे से रिजल्ट घोषित होने की उम्मीद है. बीते दिन 52 मतदान केंद्रों पर 40.46% वोटिंग हुई थी. कॉलेजों के चुनाव परिणाम कल ही घोषित हो गए थे और DUSU के नतीजे आज घोषित होंगे, जिसके चलते आज भी यूनिवर्सिटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे.

---विज्ञापन---

20 चुनाव प्रत्याशी आजमा रहे हैं किस्मत

दिल्ली यूनिवर्सिटी और इससे संबद्ध कॉलेजों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के पदों के लिए चुनाव हो रहा है. ABVP, NSUI, AISA-SFI गठबंधन, ASAP और निर्दलीय प्रत्याशियों समेत 20 प्रत्याशी चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं. ABVP ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास और उपाध्यक्ष पद के लिए ईशू मौर्या को चुनावी रण में उतारा है. NSUI ने अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर मीणा और उपाध्यक्ष पद के लिए वीर चतरथ को प्रत्याशी बनाया है. वहीं दिल्ली हाईकोर्ट ने छात्र संघ (DUSU) चुनाव के नतीजे आने के बाद किसी भी तरह के विक्ट्री जुलूस पर रोक लगा दी है.

काफी शांतिपूर्ण रहे छात्र संघ चुनाव मतदान

DUSU चुनाव पर मुख्य रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि बीते दिन छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर यूनिवर्सिटी में काफी चहल पहल रही. मतदान केंद्रों पर छात्रों का हुजूम उमड़ा, जो शाम होते-होते खत्म हो गया था. एक-दो घटनाओं को छोड़कर चुनाव प्रक्रिया काफी शांतिपूर्ण रही. बीते दिन जहां यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में दिल्ली पुलिस के कड़े सुरक्षा इंतजाम रहे. वहीं दिल्ली हाईकोर्ट ने भी छात्र संघ चुनाव पर कड़ी नजर बनाए रखी. क्योंकि दिल्ली हाईकोर्ट दिल्ली में छात्र संघ चुनाव के दौरान हिंसा या किसी भी तरह की गड़बड़ी को लेकर बेहद सख्त रवैया अपनाए हुए है.

---विज्ञापन---

पिछले 2 साल के चुनाव से ज्यादा वोट प्रतिशत

बता दें कि इस बार छात्र संघ चुनाव में पिछले 2 साल के मुकाबले वोट प्रतिशत ज्यादा रहा. साल 2024 में 35.20 फीसदी वोटिंग हुई थी और साल 2025 में 39.45 फीसदी मतदान हुआ था. वहीं इस बार साल 2026 में 40.46 फीसदी वोटिंग हुई है. लेकिन यह मतदान प्रतिशत साल 2023 में हुए 42 फीसदी मतदान से कम है. 2025 में दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ के अध्यक्ष चुनाव जीतकर ABVP के आर्यन मान बने थे. वाइस प्रेसिडेंट का पद NSUI को सचिव एवं संयुक्त सचिव का पद ABVP को मिला था. इस बार अध्यक्ष पद के लिए करीब 7 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.

दिल्ली यूनिवर्सिटी के 91 में से 52 कॉलेज में चुनाव

बता दें कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में 2 कैंपस साउथ और नॉर्थ हैं, जो एक दूसरे से 15 किलोमीटर की दूरी पर बने हैं. दोनों को मिलाकर दिल्ली यूनिवर्सिटी में कुल 91 कॉलेज हैं, लेकिन छात्र संघ चुनाव में सभी कॉलेज वोट नहीं करते, बल्कि सिर्फ 52 कॉलेज और उनकी फैकल्टी ही वोटिंग में हिस्सा लेती हैं. वहीं सेंट स्टीफंस, लेडी श्री राम और जीसस एंड मैरी समेत कई बड़े कॉलेज दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में हिस्सा नहीं लेते हैं. अरुण जेटली, विजय गोयल, अजय माकन, अलका लांबा जैसे दिग्गज नेता दिल्ली यूनिवर्सिटी में राजनीति करने के बाद ही केंद्र की राजनीति में पहुंचे हैं.

---विज्ञापन---