धूल भरे तूफान ने दिल्ली को हिलाया, 120 Kmph तक पहुंची हवा की रफ्तार; IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Delhi Dust Storm: दिल्ली में रातभर आई आंधी-बारिश से पेड़ उखड़ने और फ्लाइट्स लेट होने से भारी नुकसान हुआ है. मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भारी आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

Delhi Dust Storm

दिल्ली में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट

Delhi Storm: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार देर रात आए तेज धूल भरे तूफान ने लोगों की नींद उड़ा दी. कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश भी दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार सफदरजंग इलाके में रात 11:30 बजे से 2:30 बजे के बीच 9.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि हवा की रफ्तार 74 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई. लोधी रोड में 7.4 मिमी और पूसा में 4 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं पालम में 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक तेज हवाएं चलीं, लेकिन वहां बारिश बहुत कम हुई. कई इलाकों में पेड़ गिरने और शाखाएं टूटने की घटनाएं सामने आई हैं.

विज्ञापन

कई इलाकों में नुकसान, लोगों को हुई परेशानी

तूफान के बाद हौज खास, डिफेंस कॉलोनी, पंचशील पार्क और वसंत कुंज समेत कई इलाकों में पेड़ सड़कों पर गिर गए. कुछ जगहों पर दीवारों को भी नुकसान पहुंचा और रास्ते बाधित हो गए. सुबह होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने तस्वीरें और वीडियो साझा किए, जिनमें सड़कों पर गिरे पेड़ और बाधित यातायात साफ दिखाई दिया. हालांकि राजधानी में बड़े स्तर पर कोई गंभीर हादसा सामने नहीं आया, लेकिन लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

विज्ञापन

उड़ानों पर असर, लेकिन गर्मी से नहीं मिली राहत

तेज हवाओं का असर दिल्ली एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला. डीआईएएल के अनुसार सुबह तक दो उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार करीब 193 उड़ानें देरी से संचालित हुईं. इनमें 65 आगमन और 128 प्रस्थान वाली उड़ानें शामिल थीं. इसके बावजूद मौसम में ज्यादा राहत नहीं मिली. मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था और बुधवार को भी तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह मुख्य रूप से सूखा तूफान था, इसलिए तापमान में खास गिरावट नहीं आई.

विज्ञापन

ऑरेंज अलर्ट जारी, सप्ताहांत तक बारिश के आसार

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार देर शाम तक 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें गरज-चमक के साथ कई दौर की बारिश का अनुमान है. अच्छी बात यह है कि शुक्रवार तक अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. वहीं दिल्ली की वायु गुणवत्ता में कोई खास सुधार नहीं हुआ है. शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 164 से 167 के बीच बना हुआ है, जो अभी भी मॉडरेट श्रेणी में शामिल है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ