Delhi Noida Route News : देश में सावन का पवित्र महीना चल रहा है, जोकि 19 अगस्त को समाप्त होगा। सावन का पूरा महीना भोलेनाथ को समर्पित है। इस दौरान कांवड़िये गंगा जल से शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं। इसे लेकर सड़कों पर कांवड़ियों का रेला निकल रहा है। इसकी वजह से पुलिस की ओर से ट्रैफिक डायवर्जन कर दिया जाता है, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दिल्ली से नोएडा रूट्स पर भीषण जाम लग गया। इसे लेकर वीडियो भी सामने आए हैं।
दिल्ली-नोएडा रूट्स पर लगा लंबा जाम
अगर आप दिल्ली से नोएडा या नोएडा से दिल्ली जाने वाले हैं तो जाम झेलने के लिए तैयार रहें। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर लागू ट्रैफिक डायवर्जन होने से डीएनडी पर रेंग-रेंग कर गाड़ियां चल रही हैं। सैकड़ों गाड़ियां जाम में फंसी हैं और करीब 5 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगी हैं। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग जा रहा है। ट्रैफिक जाम को लेकर वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें गाड़ियां रेंगती हुई नजर रही हैं। इस जाम में कार से लेकर बाइक तक फंसी है।
डीएनडी फ्लाईओवर पर रोजाना बड़ी संख्या में गाड़ियों की आवाजाही होती है। लोग दिल्ली से नोएडा आते-जाते हैं। कांवड़ियों का जत्था बढ़ने के चलते कालिंदी कुंज दिल्ली से नोएडा आने वाले पुल के एक हिस्से को बंद किया गया है। गाड़ियों को निकलने के लिए सिर्फ पुल का एक हिस्सा ही खुला है, जिससे डीएनडी पर लंबा जाम लग रहा है।
ऑफिस-घर देरी से पहुंच रहे लोग
डीएनडी फ्लाईओवर 9.2 किलोमीटर एक्सप्रेसवे है। डीएनडी के जरिए लोग दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद आते-जाते हैं। इसे लेकर लोगों का कहना है कि जाम की वजह से उन्हें ऑफिस और घर पहुंचने में देरी हो रही है। ट्रैफिक जाम के कारण रोज की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।