दिल्ली में यमुना नदी के किनारे घूमने और मनोरंजन का नया मौका मिलने जा रहा है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सोनिया विहार से जगतपुर तक बनने वाले यमुना रिवर सफारी क्रूज का ट्रायल रन शुरू किया. सरकार की योजना है कि छठ पर्व से पहले इस सेवा को आम लोगों के लिए शुरू कर दिया जाए. इस क्रूज के जरिए दिल्लीवासी यमुना नदी में सफर का आनंद ले सकेंगे. सरकार का मानना है कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
30 यात्रियों की क्षमता वाला क्रूज
करीब 6 किलोमीटर लंबे जलमार्ग पर चलने वाले इस क्रूज में एक बार में 30 यात्री सफर कर सकेंगे. सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक पहुंचने में करीब 35 से 45 मिनट लगेंगे. यात्रा पूरी होने के बाद यात्री वापस अपने शुरुआती स्थान पर लौट सकेंगे. इस क्रूज का ट्रायल रन करीब एक सप्ताह तक चलाने की योजना है. इसके बाद अंतिम तारीख तय होने पर किराए की जानकारी दी जाएगी. फिलहाल परिसर में प्रवेश शुल्क 50 रुपये और क्रूज की पूरी यात्रा का प्रस्तावित किराया 500 रुपये रखा गया है.
खाने-पीने और मनोरंजन की भी सुविधा
इस परियोजना में सिर्फ क्रूज सफर ही नहीं, बल्कि लोगों के लिए कई दूसरी सुविधाएं भी तैयार की जा रही हैं. यहां फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट, बच्चों के लिए खेलने की जगह, म्यूजिक फाउंटेन और वाटर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाएं होंगी. पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने इस परियोजना को खास बताया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और पर्यटन विभाग के मिलकर किए गए प्रयासों से यह योजना आगे बढ़ रही है. उनके मुताबिक, पर्यावरण और अन्य जरूरी बातों का ध्यान रखा गया है.
छठ पूजा की तैयारियां भी होंगी
इस बार यमुना किनारे छठ पूजा की तैयारियां भी की जा रही हैं. अधिकारियों को उम्मीद है कि क्रूज सेवा शुरू होने से लोगों को घूमने-फिरने का नया विकल्प मिलेगा और यमुना के किनारे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. इस परियोजना में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड सहित कई विभाग शामिल हैं. सरकार का उद्देश्य यमुना के किनारे पर्यटन को बढ़ावा देना और दिल्लीवासियों को एक नया मनोरंजन स्थल उपलब्ध कराना है.