दिल्ली के विवेक विहार में एसी फटने से आज बड़ा हादसा हो गया है। रविवार की सुबह AC में धमाका होने के बाद 4 मंजिला रिहायशी इमारत में आग भड़क गई। आग की लपटों ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। वहीं रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 9 लोगों के शव बरामद हुए हैं। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह करीब 4 बजे हुआ हादसा

बता दें कि हादसा पूर्वी दिल्ली के शाहदरा के पॉश इलाके विवेक विहार में हुआ। फायर कंट्रोल रूम को सुबह करीब 3 बजकर 47 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। 14 फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बिल्डिंग में फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बचाव कर्मियों ने काले धुएं के गुबार के बीच 12 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया, जिनमें से 9 लोगों की मौत होने की खबर है। बाकी 3 बुरी तरह घायल हैं।

---विज्ञापन---

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई आंखों देखी

हादसे की जानकारी मिलते ही शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा भी मौके पर पहुंचे। विवेक विहार में ही रहने वाले रोहित ने बताया कि जोरदार धमाके आवाज सुनी। बाहर निकलकर देखा तो पास वाली बिल्डिंग में आग लगी थी। शोर मचाकर लोगों को बुलाया और आग बुझाने की कोशिश की। इस बीच हादसे की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घायल अस्पताल में भर्ती हैं।

---विज्ञापन---

दूसरी मंजिल पर AC में धमाका

मिली जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर बने फ्लैट में एसी ब्लास्ट हुआ। जिससे भड़की आग की लपटें तीसरी मंजिल तक पहुंच गईं। लोग आग से बचने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन छत का दरवाजा बंद होने के कारण वे निकल नहीं पाए और उनकी मौत हो गई। दूसरी मंजिल पर भी 4 लोग थे, जिनकी मौत होने की खबर है। मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। क्योंकि शवों की हालत बेहद खराब है। 3 लोगों के शव बिस्तर पर मिले हैं।

---विज्ञापन---

---विज्ञापन---