हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Tiger ShroffCJP ProtestGyanesh KumarBigg Boss 20

लग्जरी कार और महंगे शौक दिखाकर 20 महिला कांस्टेबल को फंसाया, शादी का झांसा देकर ठगे 24 लाख रुपये

दिल्ली में 23 वर्षीय विक्रांत तोमर पर करीब 20 महिला कांस्टेबलों से 24 लाख रुपये की ठगी का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंस्टाग्राम पर लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाकर महिलाओं से दोस्ती करता था और शादी का भरोसा देकर पैसे मांगता था.

विज्ञापन
शादी का झांसा देकर महिला कांस्टेबलों से कथित ठगी के मामले में आरोपी विक्रांत तोमर. (Image- Social Media)

खुद को बड़ा कारोबारी दिखाकर 20 महिला कांस्टेबल को ठगने का मामला सामने आया है. आरोपी विक्रांत तोमर सोशल मीडिया पर लग्जरी रेस्टोरेंट, महंगी कॉफी और महंगी कारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर खुद को एक बड़ा कारोबारी दिखाता था. दिल्ली पुलिस का आरोप है कि 23 साल के विक्रांत ने इसी दिखावे के सहारे महिला पुलिसकर्मियों से दोस्ती की, उन्हें शादी का भरोसा दिया और करीब 20 महिलाओं से लगभग 24 लाख रुपये ठग लिए.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक ही बैच की महिला पुलिसकर्मियों को निशाना बनाता था. वह महंगी कारों और आलीशान जिंदगी की फोटो दिखाकर उनका भरोसा जीतता था. इसके बाद शादी का वादा करके अलग-अलग बहाने से उनसे पैसे मांगता था. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में विक्रांत को बुराड़ी से गिरफ्तार किया है.

ऐसे हुआ खुलासा

यह मामला तब सामने आया, जब करोल बाग थाने में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने विक्रांत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उससे शादी करने का वादा करके ठगी की. मामले की जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ कि यह सिर्फ एक महिला के साथ ठगी का मामला नहीं है, बल्कि कई महिला कांस्टेबलों को भी इसी तरह निशाना बनाया गया है. जांच के मुताबिक, विक्रांत इंस्टाग्राम के जरिए महिला पुलिसकर्मियों से बात करता था. वह खुद को अमीर कारोबारी बताने के लिए महंगी कारों और लग्जरी लाइफस्टाइल के वीडियो पोस्ट करता था. भरोसा जीतने और शादी का वादा करने के बाद वह उनसे अलग-अलग वजह बताकर पैसे मांगता था. पुलिस ने बताया कि आरोपी आठ घंटे के लिए लग्जरी कारें किराये पर लेता था और उन्हीं कारों में महिला कांस्टेबलों को घुमाने ले जाता था.

विज्ञापन

एक ही बैच की कांस्टेबलों को निशाना

पुलिस की जांच में सामने आया है कि करीब 20 महिला कांस्टेबल इस ठगी का शिकार हो सकती हैं. बताया जा रहा है कि ये सभी महिलाएं एक ही बैच की हैं. पुलिस के मुताबिक, जिन महिलाओं को आरोपी ने कथित तौर पर निशाना बनाया, उनमें से कई ने अभी तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है. इस मामले में एक और अहम बात सामने आई है. विक्रांत की लिव-इन पार्टनर भी दिल्ली पुलिस में महिला कांस्टेबल है. पुलिस को शक है कि आरोपी को उसकी लिव-इन पार्टनर की बैचमेट्स के जरिए महिला कांस्टेबलों की जानकारी मिलती थी. इसके बाद वह उन्हें अपने जाल में फंसाता था.

‘OneX’ बेटिंग ऐप से जुड़े अकाउंट्स की जांच

पुलिस को शक है कि ठगी से मिले पैसों के लेन-देन में ‘OneX’ बेटिंग ऐप से जुड़े अकाउंट्स का इस्तेमाल किया गया. जांच में अब पैसों के लेन-देन का पता लगाया जा रहा है, ताकि यह पता चल सके कि पैसे किन खातों में भेजे गए और उनका इस्तेमाल कहां किया गया

विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक, विक्रांत के खिलाफ दिल्ली में इसी तरह की ठगी से जुड़े पांच मामले पहले से दर्ज हैं. उसके खिलाफ मायापुरी, हरि नगर, इंद्रपुरी और ईस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर पुलिस स्टेशन में मामले दर्ज किए गए हैं. पुलिस ने बताया कि आरोपी इस साल जून में जेल से जमानत पर बाहर आया था.

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola